शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Rewari News:नगर परिषद की टीम ने बावल रोड से हटवाया अतिक्रमण, मेन बाजार में दुकानदारों को दी चेतावनी – Municipal Council Team Removed Encroachments From Bawal Road
रेवाड़ी

Rewari News:नगर परिषद की टीम ने बावल रोड से हटवाया अतिक्रमण, मेन बाजार में दुकानदारों को दी चेतावनी – Municipal Council Team Removed Encroachments From Bawal Road

November 12, 2026


रेवाड़ी। दिवाली पर बाजार में फड़ लगाने को लेकर दुकानदारों के बीच लाठी-डंडे चलने की घटना में तीन लोगों के घायल होने के बाद नगर परिषद ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। नगर परिषद की चेयरपर्सन विनीता पीपल वीरवार को पुलिस टीम के साथ मुख्य बाजार में पहुंची और दुकानों के बाहर हुए अतिक्रमण व गंदगी का जायजा लिया। इस दौरान बावल रोड पर अतिक्रमण हटवाया गया।

मेन बाजार में दुकानदारों को सड़क पर सामान और कचरा नहीं फैलाने की हिदायत दी गई। चेयरपर्सन को निरीक्षण के दौरान जगह-जगह कूड़ा फैला मिला। इसके बाद चेयरपर्सन ने तुरंत नगर परिषद के दरोगा और अतिक्रमण विरोधी दस्ते को मौके पर बुलाया।

दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि दुकान का कचरा सड़क पर डालने की जगह डस्टबिन में रखें। दुकानदारों ने अपनी गलती स्वीकार की और सड़क पर फैला कूड़ा उठाकर डस्टबिन और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन गाड़ी में डाला।

नगर परिषद का दावा है कि शहर के मुख्य बाजार, बावल रोड और अग्रसेन चौक सहित प्रमुख स्थानों पर रोजाना सुबह 6 से 8 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाता है। इसके बाद भी सुबह 9 से 9:30 बजे के बीच दुकानें खुलने के बाद कुछ दुकानदार कूड़ा सड़क पर फैला देते हैं। इससे बाजार की सफाई व्यवस्था बिगड़ जाती है।

यहां से भी अतिक्रमण हटाने की जरूरत

शहर के कई प्रमुख बाजारों और सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। मेन बाजार, गोकल गेट, मोती चौक, पंजाबी मार्केट, रेलवे रोड, काठ मंडी और अग्रसेन चौक, नया बाजार, अपना बाजार के आसपास दुकानदारों की ओर से दुकानों के बाहर सामान रखने, रेहड़ियां लगाने और फड़ लगाने के कारण सड़कें संकरी हो जाती हैं। इससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को निकलने में परेशानी होती है। बाजारों में कई बार जाम की स्थिति भी बन जाती है। लोगों की मांग है कि नगर परिषद केवल अभियान चलाने तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित निगरानी कर अतिक्रमण हटवाए, ताकि बाजारों में आवागमन सुचारु बना रहे।

वर्जन

अब नगर परिषद की टीम बाजार में हर 2-3 घंटे में निगरानी करेगी। किसी भी दुकान के सामने अतिक्रमण या गंदगी मिलने पर चालान काटने के साथ सामान जब्त किया जाएगा। कार्रवाई से बचने के लिए दुकानदारों से अतिक्रमण नहीं करने की अपील की गई है।- विनीता पीपल, चेयरपर्सन, नगर परिषद

बावल रोड से अतिक्रमण हटाती जेसीबी। संवाद

बावल रोड से अतिक्रमण हटाती जेसीबी। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X