शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
कटनी:11 महीने की बच्ची के माथे में घुसा खिलौने का तार, डॉक्टरों ने डेढ़ घंटे की कोशिश के बाद बचाई जान – Katni 11 Month Old Girl Saved After Toy Iron Wire Pierces Forehead Jabalpur Hospital
कटनी

कटनी:11 महीने की बच्ची के माथे में घुसा खिलौने का तार, डॉक्टरों ने डेढ़ घंटे की कोशिश के बाद बचाई जान – Katni 11 Month Old Girl Saved After Toy Iron Wire Pierces Forehead Jabalpur Hospital

November 12, 2026


katni 11 month old girl saved after toy iron wire pierces forehead jabalpur hospital

11 माह की बच्ची के सिर से निकाला गया तार

विस्तार

कटनी जिले के बाकल गांव में सोफे से गिरकर खिलौने के लोहे के तार से गंभीर रूप से घायल 11 माह की बच्ची को डॉक्टरों ने जटिल ऑपरेशन के बाद बचा लिया। बच्ची के माथे में लगभग दो इंच अंदर तक घुसे तार को जबलपुर मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हादसे में बच्ची के सिर की हड्डी क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन त्वरित चिकित्सा से उसकी जान बच गई और अब वह खतरे से बाहर है।

खिलौने के तार से माथे पर गंभीर चोट

यह हादसा शनिवार शाम को बाकल गांव में घटित हुआ। 11 माह की आरवी सोफे पर बैठकर खेल रही थी, जहां पास ही कुछ प्लास्टिक के खिलौने रखे हुए थे। खेलते समय अचानक बच्ची सोफे से नीचे गिर गई। इसी दौरान खिलौने में लगा करीब एक सेंटीमीटर मोटा लोहे का तार सीधे उसके माथे में जा घुसा। हादसे के तुरंत बाद बच्ची के सिर से बहुत तेजी से खून बहने लगा। गंभीर स्थिति को देखते हुए मां तुरंत उसे स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जबलपुर रेफर कर दिया। परिजन शनिवार रात उसे लेकर जबलपुर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचे।

ये भी पढ़ें- दो हत्याओं से सनसनी: जुआ खेलते हुआ विवाद तो जमकर चले चाकू, एक की मौके पर मौत तो दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम

आंतरिक क्षति और संक्रमण का बना खतरा

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने बच्ची की स्थिति की गहन जांच की। परीक्षण में सामने आया कि लोहे का तार सिर की हड्डी को तोड़ते हुए दो इंच गहराई तक चला गया था। इस कारण दिमाग के भीतर खून का थक्का जम गया था। डॉक्टरों के अनुसार तार के हिलने-डुलने से वह सिर के और अधिक संवेदनशील हिस्सों तक पहुंच रहा था। इस स्थिति से बच्ची की आंखों की रोशनी जाने, गंभीर संक्रमण फैलने और जान जाने का बड़ा जोखिम पैदा हो गया था। खतरे की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सा दल ने बिना समय गंवाए रात में ही आपातकालीन ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।

डेढ़ घंटे चला ऑपरेशन और बची जान

संस्थान के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना और न्यूरो सर्जन डॉ. जितिन बजाज के मार्गदर्शन में त्वरित तैयारी की गई। इसके बाद सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की संचालक डॉ. अपर्णा तामस्कर, अधीक्षक लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. जितेंद्र गुप्ता और न्यूरो सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. विजय परिहार के नेतृत्व में विशेषज्ञों का दल गठित हुआ। इस टीम में डॉ. शैलेंद्र रात्रे, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. आशुतोष कारपेंटर तथा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. वरुण अरोड़ा शामिल रहे। डॉक्टरों ने लगभग डेढ़ घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद तार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। न्यूरो सर्जन डॉ. जितिन बजाज ने बताया कि समय पर ऑपरेशन न होता तो मस्तिष्क के संवेदनशील हिस्से क्षतिग्रस्त हो सकते थे। बच्ची अब पूरी तरह स्वस्थ है और उसे मेडिकल कॉलेज के बच्चा वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X