शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मिर्ज़ापुर

Mirzapur News:भरत मिलाप देखने आए युवकों में मारपीट, वीडियो वायरल – Altercation Breaks Out Among Youths Who Had Come To Watch The ‘bharat Milap’; Video Goes Viral

November 12, 2026


शहर कोतवाली क्षेत्र के नारघाट के पास बुधवार रात भरत मिलाप देखने आए दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग एक युवक को पीटते हुए गंगा नदी की ओर ले जाते दिख रहे हैं। वहीं, कुछ लोग नाव पर सवार लोगों पर पत्थर फेंक रहे हैं। शहर के बीच इस तरह की घटना से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बुधवार शाम सप्तमी का भरत मिलाप निकल रहा था। इसे देखने के लिए शहर से लेकर गांवों तक के लोगों की भीड़ उमड़ी थी। गंगा पार से भी लोग नाव से भरत मिलाप देखने आए थे। इसी दौरान गंगा पार से आए लोगों का शहर के कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि गंगा पार से आए लोग एक युवक को पीटते हुए घसीटकर नदी की ओर ले गए। इसके बाद नाव पर सवार होकर उसे पीटने लगे। दूसरे पक्ष के लोगों ने भी ईंट-पत्थर फेंककर नाव पर हमला किया। इसमें नाव सवार कुछ लोगों को चोटें आईं।

सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक मारपीट करने वाले लोग फरार हो गए थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और तीन लोगों को पकड़ लिया। शहर कोतवाल दयाशंकर ओझा ने बताया कि भरत मिलाप देखने आए गंगा पार के लोगों का शहर के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। मारपीट के मामले में तीन लोगों को पकड़ा गया है। जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X