शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
श्रीनगर

Srinagar News:परिगाम हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार – Srinagar, Parigam Murder Case, Solved, Pulwama, One Arresed

November 13, 2026


पुलवामा। जिले के परिगाम जागीर इलाके में करीब तीन सप्ताह पहले हुई 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला जाना बेगम की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। विशेष जांच दल ने मुख्य आरोपी इमरान अहमद मीर को गिरफ्तार किया है।

कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए गए इकबालिया बयान में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए वारदात में मृतका की बहू के भी शामिल होने का दावा किया है। पुलिस अब इस कथित साजिश और अन्य संदिग्धों की भूमिका की गहनता से पड़ताल कर रही है।

यह दिल दहला देने वाली वारदात 19 अक्तूबर 2026 को तड़के करीब पांच बजे पेश आई थी। परिगाम जागीर निवासी स्वर्गीय गुलाम अहमद भट की 75 वर्षीय पत्नी जाना बेगम घर पर अकेली थीं जबकि उनका बेटा पास की मस्जिद में नमाज अदा करने गया हुआ था। बेटे की गैर मौजूदगी का फायदा उठाते हुए हमलावर घर में दाखिल हुए और धारदार हथियार से बुजुर्ग महिला का बेरहमी से गला रेत दिया। जब बेटा नमाज पढ़कर घर लौटा तो अपनी मां को फर्श पर खून से लथपथ मृत पाया।

पुलिस स्टेशन पुलवामा में प्राथमिकी दर्ज की गई। एसएसपी पुलवामा ने डीवाईएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। इस टीम में एसएचओ पुलवामा और चौकी प्रभारी निवा को शामिल किया गया। एसआईटी ने फोरेंसिक व तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच करते हुए परिगाम जागीर निवासी इमरान अहमद मीर को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी इमरान अहमद मीर को निवा के कार्यपालक मजिस्ट्रेट (नायब तहसीलदार) आबिद हुसैन के समक्ष पेश किया। मजिस्ट्रेट के सामने दिए बयान में इमरान ने कबूल किया कि उसने मृतका की बहू के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। वहीं, दूसरी तरफ बहू ने खुद को बेकसूर बताते हुए हत्या में किसी भी तरह की संलिप्तता से साफ इन्कार किया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X