शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पीलीभीत

Pilibhit News:नौ साल के बच्चे को जाल में फंसाकर घर से मंगवाते रहे जेवर और नकदी – They Ensnared A Nine-year-old Child And Kept Getting Him To Bring Jewelry And Cash From His Home

November 13, 2026


पीलीभीत। शहर कोतवाली क्षेत्र में दो किशोरों पर बच्चों को बहलाकर उनके घरों से जेवर और नकदी मंगवाने का आरोप लगा है। दोनों ने कथित तौर पर नौ साल के एक बच्चे को अपने जाल में फंसाकर उसके घर से सोने की चेन और रुपये हासिल किए। पड़ोस में रहने वाले 12 वर्षीय एक अन्य बच्चे से भी चांदी का सिक्का और नकदी मंगवाने की बात सामने आई है। घर से लगातार सामान गायब होने पर व्यापारी को जब अपने बेटे पर शक हुआ और उन्होंने उसका पीछा किया तो मंदिर के पास पूरा मामला खुल गया।

घटना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला साहूकारा में बृहस्पतिवार शाम का है। मोहल्ले के रहने वाले एक व्यापारी के मुताबिक, उनके घर से पिछले करीब ढाई महीने से सोने की चेन और कुछ रुपये लगातार गायब हो रहे थे। शुरुआत में उन्हें घर में काम करने वाले नौकरों पर शक हुआ, लेकिन बाद में संदेह अपने नौ साल के बेटे पर होने लगा। इसके बाद उन्होंने उसकी गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया।

बृहस्पतिवार शाम बेटा घर के पास स्थित बालाजी मंदिर में दर्शन करने जाने की बात कहकर घर से निकला तो व्यापारी भी उसके पीछे चल दिए। मंदिर के पास पहुंचने पर उन्होंने देखा कि बेटे ने अपनी जेब से 1200 रुपये निकालकर वहां मौजूद दो किशोरों को दे दिए। दोनों की उम्र 13 से 14 साल के बीच बताई जा रही है। व्यापारी ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की तो उन्होंने पहले बात छिपाने और गुमराह करने की कोशिश की। बाद में लोगों की भीड़ जुटने पर उन्होंने बच्चे से सोने की चेन और नकदी मंगवाने की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि दोनों किशोरों ने पड़ोस के एक अन्य घर में रहने वाले 12 वर्षीय बच्चे को भी बहलाया था। आरोप है कि उसके जरिये घर से चांदी का एक सिक्का और कुछ रुपये मंगवाए गए। जेवर एक सराफ की दुकान पर बेचने की जानकारी मिलने पर व्यापारी और अन्य लोग दोनों किशोरों को लेकर दुकान पर पहुंचे, लेकिन वहां जेवर बेचे जाने की पुष्टि नहीं हो सकी।

मामले को लेकर सड़क पर हंगामा बढ़ने पर किसी ने कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों किशोरों को अपने साथ कोतवाली ले आई। उनके परिजन भी थाने पहुंच गए। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाने की मांग की। खबर लिखे जाने तक पुलिस दोनों किशोरों से पूछताछ कर रही थी।

सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मांगी गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X