बरेली के बहेड़ी कस्बे के नामचीन स्कूल के एक शिक्षक पर कक्षा तीन की छात्राओं से छेड़खानी का गंभीर आरोप लगा है। अभिभावकों की शिकायत पर स्कूल प्रबंधन ने सीसी फुटेज चेक करने के बाद शिक्षक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एक अभिभावक ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी बेटी कक्षा तीन की छात्रा है। शिक्षक आयुष शर्मा ने बृहस्पतिवार को छात्राओं को कंप्यूटर लैब में ले जाकर उनके साथ गलत हरकत की। छात्राओं ने खुद जाकर प्रधानाचार्य को बताया कि शिक्षक ने शिकायत करने पर फेल करने की धमकी दी थी।
छात्राओं का कहना है कि शिक्षक एक माह से इस तरह की हरकत कर रहा था। अभिभावकों ने बताया कि उन्होंने दीपावली से पहले इसकी शिकायत क्लास टीचर से की थी, लेकिन उन्होंने प्रधानाचार्य से बात न हो पाने की बात कहकर मामला टाल दिया था।