दुबई हवाई अड्डे पर स्पाइसजेट की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बकाया भुगतान न मिलने पर ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी डीएनएटा ने एयरलाइन की चेक-इन सेवाएं रोक दीं। इसका असर यह हुआ कि कंपनी को दुबई से अपनी चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को एयरलाइन की सिर्फ दो उड़ानों को ही दुबई हवाई अड्डे से उड़ान भरने की अनुमति मिली।
डीएनएटा का 1.4 करोड़ दिरहम से ज्यादा बकाया
आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पाइसजेट पर ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी डीएनएटा का 1.4 करोड़ यूएई दिरहम से ज्यादा बकाया है। भुगतान नहीं होने के चलते कंपनी ने एयरलाइन की चेक-इन सेवाएं रोक दी थीं। हालांकि, यह रोक सिर्फ 12 नवंबर तक ही रही।
दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को किया अलर्ट
दुबई में उड़ानें रद्द होने के बाद अब दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने भी स्पाइसजेट के यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। हवाई अड्डा प्रशासन ने कहा है कि एयरलाइन की परिचालन संबंधी परेशानियों के चलते कुछ उड़ानों पर असर पड़ सकता है। जीएमआर के संचालन वाले दिल्ली हवाई अड्डे ने यात्रियों को सलाह दी है कि घर से निकलने से पहले स्पाइसजेट की वेबसाइट या अन्य आधिकारिक माध्यमों से अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें। किसी भी बदलाव की जानकारी के लिए एयरलाइन से संपर्क करने को भी कहा गया है।
रोजाना 15 से 20 उड़ानें रद्द होने की खबर
नवंबर की शुरुआत से ही स्पाइसजेट की उड़ानों को लेकर लगातार परेशानियों की खबरें सामने आ रही हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरलाइन रोजाना करीब 15 से 20 उड़ानें रद्द कर रही है, जबकि उसके तय कार्यक्रम में लगभग 65 उड़ानें ही शामिल हैं।
(खबर अपडेट की जा रही)