Mahendragarh-narnaul News:पराली जलाने पर जीरो टॉलरेंस, गांवों में बढ़ेगी निगरानी, अकालगढ़ में मिलीं दो लोकेशन की होगी जांच – Zero Tolerance For Stubble Burning; Surveillance In Villages To Be Stepped Up; Two Locations Identified In Akalgarh To Be Investigated
जींद। पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने गांवों में निगरानी बढ़ाने और किसानों से सीधा संपर्क करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम सत्यवान मान ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि पराली जलाने के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।
उन्होंने किसी भी गांव में आग लगाने की घटना सामने आने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि वीरवार को अकालगढ़ गांव में दो लोकेशन मिली हैं। इनकी जांच शुक्रवार को होगी।
एसडीएम वीरवार को लघु सचिवालय में कृषि विभाग के अधिकारियों, ग्राम सचिवों और डीएसपी गौरव शर्मा के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि फसल कटाई का अंतिम चरण चल रहा है। नवंबर और दिसंबर के शुरुआती दिनों तक पराली जलाने की घटनाओं की आशंका रहती है। ऐसे में सभी क्षेत्रीय अधिकारी शाम के समय भी अपने क्षेत्रों में निगरानी रखें और नियमित रूप से गांवों का दौरा करें।
एसडीएम ने अधिकारियों को खेतों में फसल अवशेष प्रबंधन की स्थिति जांचने और किसानों से बातचीत कर उन्हें जागरूक करने को कहा। जिन गांवों में पहले पराली जलाने की घटनाएं हो चुकी हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। निरीक्षण के दौरान फोटो, लोकेशन, तारीख और समय सहित रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश भी दिए। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस आवश्यक सहयोग करे।
मिट्टी की उर्वरता और स्वास्थ्य को होता है नुकसान
सत्यवान मान ने कहा कि पराली जलाने से मिट्टी के लाभदायक सूक्ष्म जीव नष्ट होते हैं और उसकी उपजाऊ शक्ति प्रभावित होती है। धुएं से वायु प्रदूषण बढ़ता है, जिसका असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों पर अधिक पड़ता है। उन्होंने किसानों से पराली खेत में मिलाने या बेलर मशीनों से उसका प्रबंधन करने की अपील की। सरकार की ओर से उपलब्ध सुविधाओं और आर्थिक प्रोत्साहन का लाभ उठाकर किसान पराली जलाने से बचें।
