शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सीजी:पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, फिर नाले में गिरने की रची झूठी कहानी; पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पति की पोल – Surajpur Husband Killed Wife Fake Accident Story Arrested
अंबिकापुर

सीजी:पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, फिर नाले में गिरने की रची झूठी कहानी; पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पति की पोल – Surajpur Husband Killed Wife Fake Accident Story Arrested

November 13, 2026


surajpur husband killed wife fake accident story arrested

पुलिस के गिरफ्त में आरोपी

विस्तार

सूरजपुर जिले में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने और मामले को हादसा बताने की साजिश रचने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी पत्नी की नाले में गिरने से मौत होने की झूठी कहानी गढ़ी थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयानों ने उसकी पोल खोल दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

झूठी कहानी से पुलिस को किया गुमराह

ग्राम रैसरा असनाढोढ़ी निवासी 35 वर्ष के लालू प्रसाद पण्डो ने 10 नवंबर को चौकी चेन्द्रा में अपनी पत्नी लक्षंती बाई की मौत की सूचना दी थी। आरोपी ने बताया था कि 9 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे वह पत्नी के साथ महतारी वंदन योजना की राशि की जानकारी लेने ग्राहक लोक सेवा केंद्र गया था। वहां से दोनों ग्राम टोमो स्थित अपने फूफा के घर जाने के लिए निकले थे। आरोपी के अनुसार शाम करीब सात बजे ग्राम टोमो के बेवराडांड स्थित ईरा नाला पार करते समय उसकी पत्नी पत्थर पर गिर गई, जिससे उसे अंदरूनी चोट आई और वह भीग गई। आरोपी उसे नाले के पास बथान में आम के पेड़ के नीचे ले गया और सिकाई करने लगा, जहां रात करीब 11 बजे उसकी सांसें थम गईं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आई सच्चाई

सूचना मिलने पर चेन्द्रा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार कराया और पोस्टमार्टम कराया। जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का बारीकी से परीक्षण किया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत नाले में गिरने से नहीं, बल्कि हाथ, मुक्के और लात से की गई पिटाई के कारण आई गंभीर अंदरूनी चोटों से हुई थी। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि घटना के समय आरोपी अपनी पत्नी के साथ ही मौजूद था। उसने मारपीट की सच्चाई छिपाने के लिए ही हादसे की मनगढ़ंत कहानी रची थी।

कहासुनी के बाद गुस्से में की हत्या

पुलिस की पूछताछ में आरोपी लालू प्रसाद पण्डो ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि नाला पार कराने के बाद उसने पत्नी को जल्दी चलने के लिए कहा था। इस बात पर पत्नी ने उसे अपशब्द कह दिए, जिससे वह नाराज हो गया। गुस्से में आकर उसने अपनी पत्नी पर हाथ-मुक्के और लात से हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने मामले को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X