एक तरफ छठ महापर्व की तैयारियां चल रही हैं तो दूसरी तरफ गंगा में गिर रहे नालों का गंदा पानी पर्व की पवित्रता और नदी की स्वच्छता पर सवाल खड़े कर रहा है। पड़ाव के बहादुरपुर से अवधूत भगवान राम घाट तक महज 500 मीटर के दायरे में चार स्थानों पर नालों का पानी सीधे गंगा में गिर रहा है।
वाराणसी और चंदौली जिले की सीमा पर स्थित बहादुरपुर सहित आसपास के करीब 12 गांवों के लोग अवधूत भगवान राम घाट से लेकर बहादुरपुर तक गंगा किनारे छठ पूजा करते हैं। पर्व के दौरान यहां हजारों श्रद्धालु जुटते हैं। इनमें तीन हजार से अधिक महिलाएं व्रत रखकर गंगा में स्नान और पूजन करती हैं। हालांकि, घाट तक पहुंचने से पहले ही गंगा किनारे कई जगह नालों का गंदा पानी नदी में गिरता दिखाई देता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चार नालों के जरिये आसपास का गंदा पानी सीधे गंगा में पहुंच रहा है। इनके पानी को रोकने, शोधित करने अथवा दूसरी जगह ले जाने के लिए कोई स्थायी इंतजाम नहीं किया गया है।