Sirmour News:रेणुका मेले की व्यवस्थाएं ठेके पर देने का भाजपा ने किया विरोध – Bjp Oppose Theka Pratha In Renukaji Mela
-भाजपा मंडल अध्यक्ष ने विधायक विनय कुमार पर लगाए आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले की व्यवस्थाएं ठेके पर देने के फैसले का भाजपा ने विरोध किया है। भाजपा मंडल ददाहू के अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि मेले की व्यवस्थाएं ठेकेदार के हाथों में सौंपने से व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ेगा और ऐतिहासिक मेले की गरिमा भी प्रभावित होगी।
राजेंद्र ठाकुर ने स्थानीय विधायक एवं रेणुका विकास बोर्ड के अध्यक्ष विनय कुमार पर आरोप लगाया कि मेले का निजीकरण कर मनमानी को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेले की व्यवस्थाएं पहले की तरह राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन के हाथों में ही रहनी चाहिए थीं, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस फैसले से कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए हजारों-लाखों लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है। जबकि मेले के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन के पास अधिकारियों और कर्मचारियों की पूरी व्यवस्था उपलब्ध है। उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं में प्रशासन की सीधी भूमिका बनाए रखने की मांग की।
