शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
चमोली

Chamoli News:जंगल गए मां-बेटे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत – Mother And Son Die Under Suspicious Circumstances After Going Into The Forest

November 13, 2026


कनोल गांव का मामला, परिजनों ने पुलिस को नहीं दी सूचना, शवों का किया दाह संस्कार

संवाद न्यूज एजेंसी

नंदानगर। कनोल गांव में दो दिन पहले संदिग्ध परिस्थिति में मां-बेटे की मौत हो गई। मौत का न तो कारण स्पष्ट हो पाया न ही परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। परिजनों ने शवों का अंतिम संस्कार भी कर दिया है। वहीं पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं आने से मामले की जांच शुरू नहीं हो पाई है। ग्रामीण भी इस संबंध में कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

दरअसल थाना नंदानगर के अंतर्गत कनोल गांव की राधा देवी (45) पत्नी स्व. धर्म सिंह अपने बेटे दीपक सिंह (24) के साथ 10 नवंबर को जंगल गई थीं। जंगल में दोनों की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया लेकिन ग्रामीण आशंका जता रहे हैं कि जंगल में भालू या अन्य किसी जंगली जानवर से बचने के लिए भागने पर वे खाई में गिर गए होंगे जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं ग्रामीण अब इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। ऐसे में घटना की वास्तविकता भी सामने आना मुश्किल हो गया है। उधर नंदानगर थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि परिजनों ने शवों का अंतिम संस्कार कर दिया है। साथ ही किसी स्तर से कोई तहरीर या शिकायती पत्र नहीं आया है। कोई शिकायत आती है तो मामले की जांच की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X