हिमाचल प्रदेश में अब भांग से दवाएं बनाने का रास्ता साफ हो गया है। प्रदेश सरकार की ओर से औषधीय और औद्योगिक उपयोग के लिए भांग के नियंत्रित उत्पादन को वैध करने के बाद बद्दी की दो और पांवटा साहिब की एक फार्मा कंपनी को लाइसेंस जारी कर दिए गए हैं। वहीं, भांग की खेती के लिए कुल्लू, मंडी और शिमला जिला के करीब 24 किसानों ने भी लाइसेंस ले लिए हैं। सरकार किसानों को खेती के लिए प्रमाणित बीज उपलब्ध करवाने की व्यवस्था कर रही है। इसी साल से प्रदेश में भांग के औषधीय इस्तेमाल और इससे विभिन्न दवाओं के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।