शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
कटनी:16 करोड़ की चोरी का झारखंड कनेक्शन, आईजी बोले- छह से सात शातिर बदमाश शामिल; तीन राज्यों में फैली टीम – 16 Crore Heist At Kisna Jewellery Linked To 3 States; 6 To 7 Cunning Criminals Carried Out The Crime
कटनी

कटनी:16 करोड़ की चोरी का झारखंड कनेक्शन, आईजी बोले- छह से सात शातिर बदमाश शामिल; तीन राज्यों में फैली टीम – 16 Crore Heist At Kisna Jewellery Linked To 3 States; 6 To 7 Cunning Criminals Carried Out The Crime

November 13, 2026


16 crore heist at Kisna Jewellery linked to 3 states; 6 to 7 cunning criminals carried out the crime

पुलिस मामले की जांच में जुटी

विस्तार

मध्यप्रदेश के कटनी में किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वैलरी शोरूम में हुई करोड़ों की चोरी ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात हुई इस वारदात में करीब 15 से 16 करोड़ रुपये के जेवरात चोरी होने का अनुमान है। अब इस मामले में अंतर्राज्यीय गिरोह के करीब 6 से 7 शातिर बदमाशों के शामिल होने के संकेत मिले हैं। पुलिस की जांच के तार झारखंड के साहिबगंज तक पहुंचे हैं, जबकि बिहार के दानापुर और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी पुलिस टीम स्थानीय पुलिस के समन्वय से जांच कर रही है।

कटनी में अब तक की सबसे बड़ी हुई चोरी की वारदात की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर रेंज के आईजी प्रमोद वर्मा और डीआईजी अतुल सिंह शुक्रवार को कटनी पहुंचे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने माधवनगर थाना क्षेत्र के बरगवां स्थित शोरूम पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। चोरी के तरीके, पीछे की दीवार में बनाए गए छेद, तिजोरी काटने के लिए इस्तेमाल किए गए उपकरणों और अन्य साक्ष्यों की जांच की गई। अधिकारियों ने जांच में जुटी पुलिस टीम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए है। बदमाश शोरूम के पीछे की दीवार में करीब पौने दो फीट का छेद बनाकर अंदर दाखिल हुए थे। इसके बाद गैस कटर से तिजोरी काटकर उसमें रखे सोने और हीरे के करोड़ों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए।

ये भी पढ़ें- साइबर हमले की आशंका के बीच राज्य में बाईस सरकारी वेबसाइटें बंद, अलर्ट के बाद उठाया कदम

पुलिस जांच में शोरूम से लगी लाल पहाड़ी क्षेत्र से ऑक्सीजन सिलिंडर, घरेलू गैस सिलिंडर, गैस कटर और अन्य औजार बरामद किए गए थे। घटनास्थल और आस-पास से मिले इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जांच में वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसमें शोरूम के अंदर बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस ने घटनास्थल से कई फिंगरप्रिंट भी जुटाए हैं और तकनीकी साक्ष्यों के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पूरे मामले पर आईजी प्रमोद वर्मा ने बताया कि अब तक की जांच में वारदात में छह से सात लोगों के शामिल होने के संकेत मिले हैं। इनमें अधिकांश पेशेवर अपराधी हैं और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर यह किसी पुराने गिरोह की करतूत प्रतीत हो रही है। उन्होंने बताया कि झारखंड के साहिबगंज इलाके से इस गिरोह के संबंध में अहम संकेत मिले हैं। प्रयागराज, दानापुर और साहिबगंज में पुलिस टीमें समन्वय के साथ काम कर रही हैं।

आईजी के अनुसार, चोरी गए माल का आकलन शोरूम संचालकों से मिले दस्तावेजों के आधार पर किया जा रहा है। फिलहाल चोरी की रकम 15 से 16 करोड़ रुपये आंकी गई है, हालांकि यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है। जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात में इस्तेमाल की गई गैस और गैस कटर स्थानीय स्तर पर खरीदे गए थे, जबकि अन्य कुछ उपकरण मुंबई से खरीदे जाने की जानकारी मिली है। पुलिस इनसाइडर और आउटसाइडर समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी गए जेवरात की बरामदगी के लिए जांच तेज कर दी है। आईजी ने दावा किया कि पुलिस को जल्द ही मामले में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X