शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:मोकामा डबल मर्डर का खुलासा, 800 रुपये के विवाद में दो किशोरों की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार – Murder-dispute-800-rupees-selling-copper-friend-killed-sticks-stones-dumped-well
पटना

बिहार:मोकामा डबल मर्डर का खुलासा, 800 रुपये के विवाद में दो किशोरों की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार – Murder-dispute-800-rupees-selling-copper-friend-killed-sticks-stones-dumped-well

November 13, 2026


बाढ़ अनुमंडल के मोकामा थाना अंतर्गत बरहपुर गांव में गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे कुएं में मिले दो किशोरों (रजनीश कुमार, 14 वर्ष और सोनू कुमार, 13 वर्ष) के शव के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तीनों युवक और दोनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे और सभी दोस्त थे। इनके बीच चोरी किए गए तांबे की बिक्री से मिले 800 रुपये के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि सभी चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं में साथ शामिल थे। चोरी के रुपये बांटने को लेकर हुए विवाद में तीन दोस्तों ने ही दोनों किशोरों की हत्या कर दी। मौके से नशे की सामग्री से जुड़ा लोहे का एक सामान भी मिला था।

एसडीपीओ-1 रामकृष्ण ने बताया कि मामले के उद्भेदन के लिए तीन अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए कारू बिंद, गोलू कुमार और शिवा को गिरफ्तार किया है। तीनों ने पुलिस पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

उन्होंने बताया कि कारू बिंद स्थानीय स्तर पर चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं का सरगना था। चोरी के 800 रुपये बांटने को लेकर विवाद हुआ था। कुएं के पास इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद गोलू और शिवा ने सोनू पर जानलेवा हमला किया। उसकी मौत होने के बाद उसके हाथ बांधकर शव को कुएं में फेंक दिया। वहीं, दूसरे किशोर रजनीश की हत्या इसलिए की गई, ताकि वह घटना की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को न दे सके।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त गोलू कुमार के स्वीकारोक्ति बयान से स्पष्ट हुआ कि सभी अभियुक्त और मृतक सोनू कुमार साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। हाल ही में चोरी किए गए तांबे की बिक्री से मिली राशि के बंटवारे को लेकर सोनू और अन्य अभियुक्तों के बीच विवाद चल रहा था।

इसी रंजिश में सोनू को योजनाबद्ध तरीके से गांव के कुएं के पास बुलाया गया। वहां विवाद बढ़ने पर डंडे और पत्थर से प्रहार कर उसे बेहोश कर दिया गया। इसके बाद घटना का राज खुलने के डर से चश्मदीद रजनीश और अचेत अवस्था में पड़े सोनू के हाथों को शर्ट से बांधकर दोनों को कुएं में धकेल दिया गया।

घटना के वक्त कुछ दूरी पर बकरी चरा रही एक प्रत्यक्षदर्शी महिला के अनुसार, दोनों किशोर बरहपुर हॉल्ट के पास स्थित कुएं के बगल में बैठकर सूखा नशा कर रहे थे। तभी कुछ युवक वहां पहुंचे। थोड़ी देर बातचीत के बाद उनके बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई।

महिला के मुताबिक, दोनों किशोरों पर पहले चाकू से हमला किया गया और फिर उनके सिर पर ईंट से वार किया गया, जिससे वे वहीं बेसुध होकर गिर पड़े। इसके बाद घटना छिपाने और शवों को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने दोनों को कुएं में फेंक दिया। फिर उन्होंने आनन-फानन में ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया।

ये भी पढ़ें- बिहार में 1.09 लाख संदिग्ध म्यूल बैंक खाते चिह्नित: इनमें मिले 72.53 करोड़ रुपये; साइबर प्रहार 5.0 अभियान शुरू

वहीं, गांव के ही दो अन्य लापता किशोरों संगम कुमार (10 वर्ष) और गन्नू कुमार (18 वर्ष) को पुलिस ने बीती देर रात बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, ये दोनों इस घटना में शामिल नहीं थे।

पुलिस ने देर रात तक कुएं का पानी निकालकर तलाशी ली, लेकिन वहां से कुछ नहीं मिला। मृतक दोनों किशोर सामान्य परिवारों से थे। उनके माता-पिता खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X