बिहार:छठ का प्रसाद सात समंदर पार पहुंचेगा, डाक विभाग ने खोले विशेष काउंटर; विदेश में 10 दिन में होगी डिलीवरी – Muzaffarpur Bihar News :post Department Prepared To Deliver Chhath Puja Prasad The Country And Abroad
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की आज से शुरुआत हो गई है। यह पर्व अगले चार दिनों तक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। देश और दुनिया के कई देशों में रहने वाले बिहार के लोगों तक अब डाक विभाग छठ पूजा का प्रसाद पहुंचाने जा रहा है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
भारतीय डाक विभाग की रेल मेल सेवा ने इस महापर्व को लेकर रेलवे स्टेशन और प्रधान डाकघर में विशेष काउंटर बनाए हैं। यहां से लोग देश-विदेश में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को भेजने के लिए प्रसाद की बुकिंग करा सकते हैं। मुजफ्फरपुर रेल डाक सेवा (आरएमएस) के अधीक्षक आशुतोष आदित्य ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अब छठ पूजा के दिन से प्रसाद भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण, शुद्धता और गुणवत्ता का रखा जाएगा ध्यान
महापर्व छठ को और खास बनाने के लिए अब सात समंदर पार बैठे श्रद्धालुओं तक भी पूजा का प्रसाद पहुंचाया जा सकेगा। यानी वे घर पर बने पारंपरिक ठेकुआ और शुद्ध प्रसाद का स्वाद ले सकेंगे। भारतीय डाक विभाग ने छठ के पावन अवसर पर प्रवासी भारतीयों तक महापर्व का प्रसाद तेजी से पहुंचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सेवा शुरू की है। श्रद्धालुओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए विभाग ने डाकघरों में विशेष काउंटर खोलने की तैयारी पूरी कर ली है।
इन काउंटरों पर केवल छठ प्रसाद के पार्सल ही स्वीकार किए जाएंगे। इस दौरान प्रसाद की शुद्धता के साथ-साथ उसकी बेहतर पैकिंग का भी ध्यान रखा जाएगा। छठ प्रसाद की शुचिता, पवित्रता और ताजगी बनाए रखने के लिए बुकिंग से लेकर डिलीवरी तक पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। इसके लिए विभाग ने अपने कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया है। कर्मचारी प्रसाद को सुरक्षित तरीके से रखेंगे और फिर उसे भेजने के लिए तैयार करेंगे।
प्रसाद जल्द पहुंचाने की तैयारी पूरी, दूसरों पर निर्भरता कम होगी
डाक विभाग छठ का प्रसाद देश के किसी भी कोने में 36 से 48 घंटे के भीतर पहुंचाएगा, जबकि विदेश में डिलीवरी की अवधि घटाकर अधिकतम 10 दिन करने की तैयारी है। इसके लिए लॉजिस्टिक्स और कस्टम क्लीयरेंस का रूट बदला गया है। अब इन पार्सलों को कोलकाता भेजने के बजाय सीधे नई दिल्ली भेजा जाएगा।
ये भी पढ़ें- बिहार में भीषण सड़क हादसा: गंगा स्नान करने जा रहे दंपती समेत तीन की मौत; चार गंभीर घायल
आरएमएस के अधीक्षक आशुतोष आदित्य ने बताया कि विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। इस सेवा का लाभ दुनिया भर में बसे प्रवासियों को मिलेगा। छठ की मिठास और घर का आशीर्वाद हर प्रवासी तक समय पर पहुंचाना डाक विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विभाग इसे पूरा करने के लिए तैयार है।
