Kangra News:वाहन पास बनाने की प्रक्रिया में बदलाव की मांग – Demand For Changes To The Vehicle Pass Issuance Process
धर्मशाला। तपोवन में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान स्थानीय लोगों को वाहन पास बनवाने में पेश आ रही दिक्कतों के संबंध में ग्रामीणों ने व्यवस्था में बदलाव की मांग उठाई है। शुक्रवार को ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को पत्र सौंपकर वाहन पास बनाने की प्रक्रिया को सरल बनाने का आग्रह किया।
ग्रामीण बीसी चौहान, आरएस चौधरी, आत्मा राम, रवनीश कुमार, केआर दुष्यंत, लक्ष्मण सिंह, हरि सिंह और आर्यमन चौधरी ने बताया कि सत्र के दौरान तपोवन क्षेत्र के निवासियों के लिए वाहन पास अनिवार्य कर दिया जाता है। इसके चलते नौकरीपेशा लोगों, दुकानदारों और अन्य व्यवसायों से जुड़े परिवारों को कामकाज छोड़कर या छुट्टी लेकर दस्तावेजों के साथ कतारों में लगना पड़ता है। हर सत्र में स्थानीय लोगों को इस समस्या से जूझना पड़ता है।
ग्रामीणों ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है लेकिन इससे स्थानीय निवासियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन को दिए तीन प्रमुख सुझाव
-वाहन पास जारी करने की जिम्मेदारी स्थानीय पंचायत के माध्यम से संचालित की जाए।
-हर सत्र में नए पास बनवाने के बजाय एक बार जारी पास पूरे वर्ष के लिए मान्य किए जाएं।
-स्थानीय निवासियों को आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र के आधार पर घर आने-जाने व आवागमन की सुविधा दी जाए।
ग्रामीणों की वाहन पास प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए प्रशासन की ओर से उचित कदम उठाए जाएंगे ताकि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। -विनय कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त, कांगड़ा
