शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कांगड़ा

Kangra News:विदेश भेजने के नाम पर युवक से 14 लाख रुपये ठगे – Youth Swindled Out Of Rs 14 Lakh On The Pretext Of Being Sent Abroad

November 13, 2026


बेटे की मौत के बाद पिता ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

न्यूजीलैंड भेजने का दिया था झांसा, दो के खिलाफ एफआईआर दर्ज

संवाद न्यूज एजेंसी

धर्मशाला/इंदौरा (कांगड़ा)। पुलिस थाना फतेहपुर के तहत न्यूजीलैंड भेजने का झांसा देकर 23 वर्षीय युवक से 14 लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। युवक की मौत के बाद अब पिता ने दो लोगों के खिलाफ पुलिस थाना फतेहपुर में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने धोखाधड़ी और साझा मंशा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मोच झिकला निवासी 51 वर्षीय रवि कुमार ने शिकायत में बताया कि उनके बेटे अविनाश को सिद्धपुर घाड़ निवासी रोबिन कुमार ने न्यूजीलैंड भेजने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद अविनाश ने 3 दिसंबर 2024 को अपने एसबीआई खाते से 8.50 लाख रुपये चिराग नामक व्यक्ति के खाते में जमा करवाए। इसके अलावा नवंबर 2024 में दो लाख रुपये रोबिन के खाते में डाले और शेष राशि नकद दी। इस तरह कुल 14 लाख रुपये लेने के बावजूद आरोपियों ने न तो उसे विदेश भेजा और न ही पैसे वापस किए।

शिकायत के अनुसार 25 जुलाई 2026 को सड़क हादसे में अविनाश की मौत हो गई थी। इकलौते बेटे की मौत से परिवार सदमे में था, इसलिए उस समय शिकायत नहीं की जा सकी। अब दोबारा पैसे लौटाने की मांग करने पर आरोपियों ने इनकार कर दिया। पिता ने रोबिन कुमार और उसके साथी चिराग पर मिलीभगत कर बेटे से ठगी करने का आरोप लगाया है।

एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। राशि के लेन-देन के संबंध में बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X