Una News:अवैध रूप से लकड़ी से लदे छह पिकअप ट्राले पकड़े – Six Pickup Trucks Loaded With Illegally Sourced Timber Intercepted
अंब (ऊना)। वन विभाग की स्पेशल टीम ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए दोसड़का के पास अवैध रूप से लकड़ी से लदे छह पिकअप ट्रालों को पकड़ा है। डीएफओ विकल्प यादव के नेतृत्व में विभाग की टीम ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे अंब-नादौन मार्ग पर नाकाबंदी की थी। जांच के दौरान अवैध रूप से ले जाई जा रही लकड़ी से भरे इन वाहनों को रोका गया। पकड़े गए छह वाहनों में से तीन नादौन, दो ज्वालाजी और एक देहरा क्षेत्र से संबंधित है। इन गाड़ियों की तलाशी लेने पर इनमें प्रतिबंधित प्रजाति की कैंबल, कामल, सरींह, जामुन और रुंबल की लकड़ी बरामद हुई। इसके अलावा वाहनों में खुली प्रजाति की जापानी शहतूत, पॉपुलर और सफेदा की लकड़ी भी लदी हुई थी। बरामद की गई लकड़ी की बाजार में साढ़े चार लाख की कीमत होने का आकलन लगाया है। वन मंडलाधिकारी विकल्प यादव ने कहा कि आरओ अंकुश ठाकुर समेत तीन वन रक्षकों ने जब वाहन चालकों से लकड़ी के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज और परमिट दिखाने को कहा तो वे कोई भी कागजात पेश नहीं कर सके। दस्तावेजों के अभाव में विभाग ने नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए लकड़ी समेत सभी छह पिकअप ट्रालों को जब्त कर लिया है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अवैध कटान और लकड़ी की तस्करी को रोकने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह लकड़ी कहां से काटी गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
