शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
श्रीनगर:कुलगाम हमले में दो नहीं… तीन आतंकी थे शामिल, 200 ओजीडब्ल्यू हिरासत में; दर्जनों गांवों में घेराबंदी – Srinagar: Three Terrorists, Not Two, Were Involved In The Kulgam Attack; 200 Ogws Taken Into Custody.
श्रीनगर

श्रीनगर:कुलगाम हमले में दो नहीं… तीन आतंकी थे शामिल, 200 ओजीडब्ल्यू हिरासत में; दर्जनों गांवों में घेराबंदी – Srinagar: Three Terrorists, Not Two, Were Involved In The Kulgam Attack; 200 Ogws Taken Into Custody.

November 14, 2026


दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के आखरन इलाके में बुधवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के नाके पर हुए आतंकी हमले की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इसमें कम से कम तीन आतंकी शामिल थे, जिनमें से दो विदेशी नागरिक प्रतीत होते हैं। इसके अलावा इस हमले में कुलगाम के स्थानीय आतंकी कमांडर लतीफ अहमद भट का नाम भी शुरू से ही प्रमुखता से सामने आ रहा है। इस बीच सुरक्षाबलों ने फरार आतंकवादियों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन कुलगाम के दर्जनों गांवों, रिहायशी इलाकों और सेब के बागानों में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी रहा। आतंकियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस ने अब तक जिले भर से 200 से अधिक ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) और संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक विशेष टीम ने भी शुक्रवार को घटनास्थल का दौरा कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इससे पहले वीरवार को चिनार कोर (15 कोर) के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल बलबीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की थी।

बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे मीर बाजार के पास आखरन में तैनात सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन के जवानों पर आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की थी। इसमें तीन जवान घायल हो गए थे। इस हमले के तुरंत बाद सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया जो शुक्रवार को तीसरे दिन भी पूरे जोर-शोर से जारी रहा। सुरक्षाबलों ने मतलहामा, चद्दर, भान, माह, अखरन, नौपोरा, जंगलपोरा और केलम गुंड सहित आसपास की कई बस्तियों में भारी संख्या में जवानों को तैनात किया है।

सुरक्षा टीमें एक-एक घर, बगीचों और संदिग्ध ठिकानों की बारीकी से तलाशी ले रही हैं। छिपे हुए आतंकियों का पता लगाने के लिए स्निफर डॉग्स (खोजी कुत्तों) की भी मदद ली जा रही है। इसके अलावा पूरे जिले में कई स्थानों पर नाके और बैरिकेड्स लगाए गए हैं तथा बख्तरबंद वाहनों की तैनाती कर वाहनों की सघन चेकिंग और तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां मानवीय खुफिया तंत्र (ह्यूमन इंटेलिजेंस) के साथ-साथ तकनीकी निगरानी का भी सहारा ले रही हैं। वहीं, एहतियात के तौर पर श्रीनगर शहर और घाटी के अन्य जिलों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और वाहनों की औचक जांच की जा रही है।

सेना, सीआरपीएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मैदान में उतरकर इस व्यापक तलाशी अभियान की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा प्रतिष्ठान का मानना है कि सर्दियों की बर्फबारी के साथ ही पीर पंजाल के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में छिपे आतंकी निचले इलाकों की ओर रुख करते हैं और अपनी मौजूदगी दर्ज कराने व नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने के लिए इस तरह के हमलों को अंजाम देते हैं।

लश्कर मॉड्यूल और आतंकी लतीफ भट पर शक

आतंकियों तक पहुंचने और उनके स्थानीय मददगार नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि जब भी कोई आतंकवादी हमला होता है तो एक तय मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और ड्रिल के तहत राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) और एनआईए की टीमें घटनास्थल का जायजा लेती हैं और सबूत इकट्ठा करती हैं। हमले के बाद आतंकवादियों की धरपकड़ के लिए कुलगाम जिले में पुलिस द्वारा 200 से अधिक ओजीडब्ल्यू को पूछताछ के लिए उठाया गया है। उनसे सख्ती से पूछताछ कर आतंकवादियों के ठिकानों और उनके मूवमेंट का सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है।

लतीफ भट पर इससे पहले जुलाई महीने में हुए दो हमलों में शामिल होने का आरोप है और उस समय उसे घाटी में सक्रिय एकमात्र स्थानीय आतंकी बताया गया था। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह हमला दक्षिण कश्मीर में सक्रिय लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक मॉड्यूल द्वारा अंजाम दिया गया है। पुलिस लश्कर के कम से कम तीन संदिग्ध ओजीडब्ल्यू से भी गहन पूछताछ कर रही है, जिन पर हमलावरों को रेकी करने और पनाह देने जैसी लॉजिस्टिक सहायता प्रदान करने का संदेह है।

घटनास्थल से मोटोरोला फोन और कारतूस बरामद

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने मीर बाजार स्थित घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फॉरेंसिक नमूने एकत्र किए, ताकि हमले के पूरे घटनाक्रम और हमलावरों की पहचान सुनिश्चित की जा सके। घटनास्थल की जांच के दौरान सुरक्षाबलों को हमले के तुरंत बाद ही एक मोटोरोला मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद हुआ था, जिसे तकनीकी जांच के लिए भेज दिया गया है। इसके अलावा, मौके से बरामद खाली कारतूसों का मिलान पहले किल्लम इलाके में हुई आतंकी घटना में इस्तेमाल किए गए कारतूसों से हुआ है, जिससे दोनों हमलों के तार आपस में जुड़े होने की पुष्टि हो रही है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार हमलावर घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर स्थित एक दलदली इलाके की ओर से पैदल आए थे। श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग से महज दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित सीआरपीएफ नाके पर एके-47 राइफलों से फायरिंग करने के बाद आतंकी पेड़ों और झाड़ियों की आड़ लेकर उसी रास्ते से पैदल फरार हो गए। अधिकारी ने बताया कि हमलावरों की स्पष्ट तस्वीर और भागने के मार्ग का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।

सीआरपीएफ के डीजी ने 92 बेस अस्पताल में घायल जवान का जाना हाल

कुलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था और आतंकवाद विरोधी अभियानों को धार देने के लिए सीआरपीएफ के डीजी जीपी सिंह ने शुक्रवार को दक्षिण कश्मीर का दौरा किया। डीजी जीपी सिंह ने कुलगाम और अनंतनाग के साडूरा में सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के फील्ड अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इसमें घाटी में आतंकवाद विरोधी अभियानों (काउंटर इंसर्जेंसी ऑपरेशन्स) को और तेज करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

सीआरपीएफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि डीजी जीपी सिंह ने फील्ड अधिकारियों से संवाद कर जमीनी हालात की समीक्षा की। इसके पश्चात सीआरपीएफ प्रमुख श्रीनगर के बादामी बाग छावनी स्थित सेना के 92 बेस अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने कुलगाम हमले में गंभीर रूप से घायल हुए सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन के कांस्टेबल संतोष चंद्रू से मुलाकात की।

अस्पताल में मुलाकात के दौरान मौके पर मौजूद सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने डीजी जीपी सिंह को जवान की स्वास्थ्य स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने घायल जवान और उसके परिवार को बल की ओर से हर संभव सहायता प्रदान करने का भी भरोसा दिलाया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X