Kanpur News:आठ स्टेशनों पर रुकेगी कानपुर दिल्ली एक्सप्रेस – The Kanpur-delhi Express Will Stop At Eight Stations
कानपुर। कानपुर और आसपास के यात्रियों को करीब 25 साल बाद दिल्ली के लिए नई नियमित एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है। रेल मंत्रालय ने कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच कानपुर-दिल्ली एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दे दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 16 नवंबर को कानपुर पहुंचकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। शुक्रवार को सांसद रमेश अवस्थी ने सेंट्रल स्टेशन पहुंचकर उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। यह ट्रेन रूट के आठ स्टेशनों पर रुकेगी।
नई ट्रेन कानपुर से रोज रात 8:40 बजे रवाना होकर सुबह 4:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में रात 11:25 बजे चलकर सुबह 7:25 बजे कानपुर आएगी। इसके आठ ठहराव फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में होंगे। एलएचबी कोच वाली ट्रेन में जनरल, स्लीपर, थर्ड, सेकेंड और फर्स्ट एसी श्रेणियां होंगी।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, आवागमन और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई ट्रेन से कानपुर-दिल्ली रेल संपर्क मजबूत होगा। निरीक्षण में डीआरएम रजनीश अग्रवाल व सीटीएम आकांशु कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अनुमानित किराया
सामान्य 135-150, स्लीपर 255-300, थर्ड एसी 685-775, सेकेंड एसी 985-1085 और फर्स्ट एसी 1655-1815 रुपये।
