शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सात समंदर पार भी छठ की रौनक बरकरार, अमेरिका में सजाया जा रहा घाट, महिलाओं से पुरुषों तक ने संभाली जिम्मेदारी!
वायरल

सात समंदर पार भी छठ की रौनक बरकरार, अमेरिका में सजाया जा रहा घाट, महिलाओं से पुरुषों तक ने संभाली जिम्मेदारी!

November 14, 2026


छठ महापर्व का नाम आते ही बिहार और पूर्वांचल के घाटों की तस्वीरें आंखों के सामने घूमने लगती हैं. कहीं महिलाएं पारंपरिक गीत गाती नजर आती हैं, तो कहीं परिवार के लोग मिलकर घाट सजाने और पूजा की तैयारियों में जुटे रहते हैं. लेकिन अब छठ की यह रौनक सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है. सात समंदर पार अमेरिका में भी भारतीय परिवार पूरे उत्साह के साथ इस महापर्व की तैयारी कर रहे हैं. अमेरिका के टेक्सास राज्य के ह्यूस्टन में रहने वाली भारतीय कंटेंट क्रिएटर रिचा मिश्रा ने एक ऐसा ही वीडियो शेयर किया है, जिसमें वहां रहने वाले भारतीय परिवार मिलकर छठ घाट को तैयार करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि विदेश में रहने के बावजूद इन लोगों के लिए अपनी परंपराएं कितनी मायने रखती हैं. रिचा मिश्रा और उनका परिवार इस साल छठ महापर्व रोजनबर्ग स्थित जगन्नाथ हिंदू मंदिर में मनाने वाला है. उनके साथ आसपास रहने वाले हिंदू समुदाय के लोग भी इस आयोजन की तैयारियों में जुट गए हैं. कोई तालाब की सफाई कर रहा है, तो कोई पेड़ों की टहनियों को हटाने में लगा है. इसके अलावा घाट पर रोशनी का इंतजाम भी किया जा रहा है. रिचा ने इस वीडियो को ‘Chhath Ghat Preparations Begin in Houston, USA’ नाम से इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर पोस्ट किया है. इंस्टाग्राम पर वीडियो को अब तक 5 लाख 81 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है.

ह्यूस्टन के मंदिर में एक साथ जुटे भारतीय परिवार, खुद कर रहे छठ घाट की सफाई
ह्यूस्टन के रोजनबर्ग में स्थित जगन्नाथ हिंदू मंदिर (JHTR) में हर साल सामूहिक रूप से छठ पूजा का आयोजन किया जाता है. मंदिर परिसर में मौजूद तालाब पर श्रद्धालु डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देते हैं और अगले दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देकर पूजा का समापन करते हैं. इस आयोजन में शामिल होने वाले परिवारों के लिए डिनर और प्रसाद की भी व्यवस्था की जाती है. मंदिर की वेबसाइट के मुताबिक, यह आयोजन उन सभी परिवारों के लिए खुला है जो छठ महापर्व मनाना चाहते हैं. यानी यहां केवल किसी एक परिवार या समूह तक पूजा सीमित नहीं रहती, बल्कि आसपास रहने वाले भारतीय समुदाय के लोग भी एक साथ इस पर्व में शामिल हो सकते हैं. रिचा मिश्रा के वीडियो में भी इसी सामूहिक भावना की झलक देखने को मिलती है. लोग किसी का इंतजार करने के बजाय खुद ही तैयारियों में हाथ बंटा रहे हैं. तालाब की सफाई से लेकर आसपास की जगह को व्यवस्थित करने और लाइटिंग लगाने तक का काम मिल-जुलकर किया जा रहा है. मंदिर की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, इस बार छठ महापर्व मनाने के लिए 59 परिवार रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. देखे वीडियो

चार दिनों तक चलेगा छठ महापर्व, जानिए कब होगी संध्या और उषा अर्घ्य की पूजा
छठ महापर्व चार दिनों तक चलने वाला त्योहार है. इसमें हर दिन का अपना अलग धार्मिक महत्व होता है. ह्यूस्टन के जगन्नाथ हिंदू मंदिर में भी पूजा के सभी चरणों के लिए कार्यक्रम तय किया गया है. इनमें से शुरुआती दो चरण घर पर पूरे किए जाएंगे, जबकि आखिरी दो चरण मंदिर के घाट पर होंगे.

कार्यक्रम के मुताबिक:
– शुक्रवार, 13 नवंबर: नहाय-खाय (घर पर)
– शनिवार, 14 नवंबर: खरना (घर पर)
– रविवार, 15 नवंबर: शाम 4 बजे घाट पर संध्या अर्घ्य
– सोमवार, 16 नवंबर: सुबह 5:30 बजे घाट पर उषा अर्घ्य

इस तरह अमेरिका में रहने वाले भारतीय परिवार भी अपने घरों और मंदिर में छठ की सभी परंपराओं को उसी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाने की तैयारी कर रहे हैं, जैसे भारत में लोग करते हैं.
पिछले साल भी तालाब पर हुआ था छठ का आयोजन, तस्वीरों में दिखी थी खूबसूरत सजावट
जगन्नाथ हिंदू मंदिर में छठ पूजा का आयोजन कोई पहली बार नहीं हो रहा है. यहां हर साल बड़ी संख्या में परिवार इस महापर्व में शामिल होते हैं. मंदिर की वेबसाइट पर पिछले साल के आयोजन की तस्वीरें भी मौजूद हैं. इनमें व्रती महिलाएं तालाब के पानी में घुटनों तक खड़ी होकर सूर्य देव को अर्घ्य देती नजर आती हैं. तालाब के अंदर लकड़ी के स्ट्रक्चर की मदद से पानी वाले हिस्से को अलग से घेरा गया है, ताकि पूजा के दौरान व्यवस्था और सुरक्षा का ध्यान रखा जा सके. घाट को भी खूबसूरती से सजाया जाता है. तस्वीरों में परिवार के पुरुष और युवा दऊरा लेकर घाट पर खड़े दिखाई देते हैं. इन तस्वीरों से पता चलता है कि विदेश में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोग छठ की परंपराओं को निभाने के लिए हर साल मिलकर इंतजाम करते हैं.

सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ, बोले- बिहारी छठ पूजा कभी नहीं भूलते
रिचा मिश्रा के वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स भी अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. लोगों को यह देखकर अच्छा लग रहा है कि अमेरिका में रहने वाले भारतीय परिवार अपनी संस्कृति और त्योहारों से जुड़े हुए हैं. एक यूजर ने भारतीय डायस्पोरा की तारीफ करते हुए लिखा कि वैश्विक प्रवासी अपनी अलग पहचान बनाए रखते हैं. वहीं, एक दूसरे यूजर ने कहा कि वह पहली बार महिलाओं को छठ घाट सजाने की तैयारी करते देख रहा है. एक अन्य यूजर ने बिहारी संस्कृति से जुड़ाव जाहिर करते हुए लिखा- “हमें नहीं पता आप लोग बिहार में कहां से हो, लेकिन बिहारी छठ पूजा कभी नहीं भूलता. आप लोगों को मेरा प्रणाम.” हालांकि, कुछ लोगों ने तैयारियों के दौरान छोटी-छोटी बातों पर भी ध्यान दिलाया. एक यूजर ने सलाह दी कि अगली बार घाट की सफाई करते समय चप्पल उतार देनी चाहिए. कुल मिलाकर, रिचा का यह वीडियो दिखाता है कि इंसान चाहे अपने देश से कितनी भी दूर क्यों न चला जाए, त्योहारों और अपनी मिट्टी से जुड़ी परंपराएं उसके दिल में बनी रहती हैं. ह्यूस्टन में छठ घाट की तैयारियां इसका खूबसूरत उदाहरण हैं.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X