मां गंगा के साफ पानी को देख गदगद हुए श्रद्धालु, अंदर तक नजर आने लगा हर चीज, लोग बोले- इसे फिर गंदा मत करना!
Last Updated:
19 दिनों तक सफाई के बाद हरिद्वार में गंगा का पानी फिर से बहने लगा, तो नदी का बेहद साफ और पारदर्शी नजारा देखने को मिला. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में गंगा का नीला पानी देखकर लोग हैरान हैं. लोगों ने अपील की है कि गंगा को हमेशा इसी तरह स्वच्छ रखा जाए.
गंगा नदी का पानी साफ हुआ(फोटो: Instagram-@chanki_rahi)
गंगा नदी का नाम सुनते ही करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ जाती है. हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन करने और स्नान करने हरिद्वार पहुंचते हैं. लेकिन नदी में बढ़ती गंदगी को लेकर अक्सर सवाल भी उठते रहे हैं. ऐसे में अगर किसी दिन गंगा का पानी इतना साफ दिखाई दे कि उसके अंदर की सतह तक नजर आने लगे, तो लोगों का हैरान होना लाजिमी है. इन दिनों सोशल मीडिया पर हरिद्वार की गंगा के कुछ ऐसे ही वीडियो वायरल हो रहे हैं. इन्हें देखकर कई लोग अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं. दरअसल, बीते 19 दिनों से हरिद्वार में गंगा में आने वाले पानी को रोककर नदी की सफाई का काम किया जा रहा था. अब दोबारा पानी छोड़े जाने के बाद गंगाजल का साफ और पारदर्शी रूप कैमरे में कैद हुआ है. इससे पहले सफाई के दौरान गंगा के बीच से गुजरती अंग्रेजों के जमाने की करीब 175 साल पुरानी रेलवे पटरियां भी चर्चा में आई थीं. ये कोई सामान्य रेलवे ट्रैक नहीं है, बल्कि ऐसा ट्रैक है जो पानी कम होने पर दिखाई देता है. हर साल नदी की सफाई के दौरान इसकी झलक देखने को मिलती है. अब सफाई के बाद गंगा में पानी लौटने पर सोशल मीडिया पर एक बार फिर हरिद्वार की तस्वीरें और वीडियो चर्चा का विषय बने हुए हैं.
चंचल कुमार ने शेयर किया गंगा का वीडियो, बोले- यह कोई AI नहीं बल्कि असली नजारा है
हरिद्वार में सफाई के बाद गंगा का वीडियो शेयर करने वाले चंचल कुमार ने इसकी खूबसूरती दिखाते हुए एक खास बात कही है. उन्होंने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहा नजारा किसी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से तैयार नहीं किया गया है. यह हरिद्वार में बहने वाली मां गंगा का ताजा दृश्य है. चंचल वीडियो में बताते हैं कि सफाई के बाद गंगा का पानी इतना साफ दिखाई दे रहा है कि करीब पांच फीट नीचे तक की गहराई नजर आ रही है. उनके मुताबिक, उन्होंने अपने जीवन में पहली बार गंगाजल को इस तरह इतना साफ देखा है. वीडियो में नदी का पानी और उसके आसपास मौजूद घाट भी दिखाई देते हैं. साफ पानी के बीच घाटों का नजारा लोगों का ध्यान खींच रहा है. आमतौर पर नदियों के पानी में गंदगी और दूसरी चीजों के कारण नीचे की सतह साफ नजर नहीं आती. लेकिन इस वीडियो में पानी की पारदर्शिता देखकर सोशल मीडिया यूजर्स हैरान हैं. यही वजह है कि चंचल कुमार का वीडियो तेजी से लोगों तक पहुंच रहा है.
View this post on Instagram
