शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
पुष्कर:मेले से पहले रेतीले धोरों पर सजा ऊंटों का बाजार, 30 से 90 हजार रुपये में हो रही खरीद-फरोख्त – Pushkar Fair Camel Market Starts Before Official Opening
अजमेर

पुष्कर:मेले से पहले रेतीले धोरों पर सजा ऊंटों का बाजार, 30 से 90 हजार रुपये में हो रही खरीद-फरोख्त – Pushkar Fair Camel Market Starts Before Official Opening

November 14, 2026


Pushkar Fair Camel Market Starts Before Official Opening

पुष्कर मेले से पहले रेतीले धोरों पर सजे ऊंट

विस्तार

राजस्थान के प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले की रौनक बढ़ने लगी है। मेले की औपचारिक शुरुआत से पहले ही पुष्कर के रेतीले धोरों पर ऊंटों के झुंड नजर आने लगे हैं। पशुपालकों ने अपने ऊंटों के साथ पहुंचना शुरू कर दिया है और खरीद-फरोख्त का कारोबार भी जोर पकड़ रहा है। सांचौरी नस्ल के ऊंटों को लेकर खरीदारों में खास दिलचस्पी है। पशुपालकों के मुताबिक, बाजार में ऊंटों की कीमत 30 हजार से 90 हजार रुपये तक है।

मेले से पहले ही दूर-दूर तक नजर आ रहे ऊंटों के झुंड

अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले की औपचारिक शुरुआत से पहले ही तीर्थनगरी के रेतीले धोरों पर पशुओं की आवक शुरू हो गई है। राजस्थान के अलावा देश के कई राज्यों से पशुपालक अपने पशुओं के साथ यहां पहुंच रहे हैं। धोरों पर दूर-दूर तक ऊंटों के झुंड दिखाई दे रहे हैं। इनके बीच पशुओं का बाजार भी सजने लगा है। पशुपालक अपने ऊंटों को बेचने के साथ ही दूसरे ऊंट खरीदने के लिए भी पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि मेले की शुरुआत से पहले ही ऊंटों के कारोबार में तेजी दिखाई देने लगी है।

अब तक आठ ऊंट खरीद चुके अरविंद सिंह

पुष्कर मेले में नागेलाव निवासी अरविंद सिंह भी ऊंट खरीदने पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि उनका ऊंट पालन और खरीद-बिक्री का व्यवसाय है। वह ऊंट खरीदकर उनका पालन-पोषण करते हैं और बाद में उन्हें बेचते हैं। अरविंद सिंह के मुताबिक, वह अब तक आठ ऊंट खरीद चुके हैं। इनमें चार सांचौरी और चार बाड़मेरी नस्ल के ऊंट शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अलग-अलग नस्लों में सांचौरी ऊंटों को बेहतर माना जाता है। इनका स्वभाव शांत और सीधा होता है। इन्हें संभालना आसान रहता है और गाड़ी खींचने जैसे कामों में भी उपयोग किया जाता है।

सांचौरी नस्ल के ऊंटों की ज्यादा मांग

ऊंट खरीदने पहुंचे देवपाल गुर्जर ने बताया कि वह भी मेले में खरीदारी के लिए आए हैं और अब तक दो से तीन ऊंट खरीद चुके हैं। उन्होंने एक ऊंट करीब 90 हजार रुपये में खरीदा है। देवपाल गुर्जर ने बताया कि वह सांचौरी नस्ल के ऊंटों को प्राथमिकता देते हैं। इस नस्ल के ऊंट शांत और सीधे स्वभाव के होते हैं। इसी वजह से इनका पालन-पोषण और उपयोग करना आसान रहता है।

30 हजार से 90 हजार रुपये तक कीमत

पशुपालकों के मुताबिक, पुष्कर के बाजार में ऊंटों की कीमत उनकी नस्ल और अन्य विशेषताओं के आधार पर 30 हजार से 90 हजार रुपये तक है। खरीदार अपनी जरूरत और बजट के अनुसार ऊंटों का चयन कर रहे हैं। मेले में पशुओं की आवक बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में खरीद-फरोख्त का कारोबार और तेज होने की उम्मीद है। पुष्कर के धोरों पर ऊंटों की बढ़ती संख्या और पशुपालकों की चहल-पहल ने मेले की रौनक बढ़ा दी है। पर्यटकों और पशु प्रेमियों के लिए भी ऊंटों के बाजार का यह नजारा आकर्षण का केंद्र बन रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X