शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ambala News:आरपीएफ के पहरे में कर्मभूमि एक्सप्रेस के जले हुए कोच, लाइन नंबर 11 से 9 पर किया गया शिफ्ट – Burnt Coaches Of The Karmabhoomi Express, Under Rpf Guard, Shifted From Line Number 11 To Line Number 9
अंबाला

Ambala News:आरपीएफ के पहरे में कर्मभूमि एक्सप्रेस के जले हुए कोच, लाइन नंबर 11 से 9 पर किया गया शिफ्ट – Burnt Coaches Of The Karmabhoomi Express, Under Rpf Guard, Shifted From Line Number 11 To Line Number 9

November 14, 2026


अंबाला। कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने की घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने जांच और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हादसे के साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और तकनीकी जांच में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए क्षतिग्रस्त कोचों को रेल लाइन नंबर-11 से हटाकर लाइन नंबर-9 पर शिफ्ट कर दिया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, साक्ष्यों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ न हो, इसके लिए पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। जले हुए कोच की सुरक्षा की जिम्मेदारी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों को सौंपी गई है। कोच को चारों तरफ से सील बंद कर दिया गया है और वहां किसी भी बाहरी व्यक्ति या अनधिकृत कर्मचारी के जाने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। रेलवे के उच्चाधिकारियों और जांच से जुड़े विशेषज्ञों के अलावा किसी को भी कोच के नजदीक जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

——–

सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही नजर

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्टेशन परिसर और यार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख जले हुए कोचों की ओर किया गया है। कंट्रोल रूम से इनके आसपास होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि जांच के दौरान किसी तरह की सुरक्षा चूक न हो और सभी साक्ष्य सुरक्षित रहें।

——–

विशेष जांच टीमों के दौरे का इंतजार

आग लगने के सटीक कारणों का खुलासा करने के लिए रेलवे प्रशासन उच्च स्तरीय जांच करा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही फोरेंसिक और रेलवे की कुछ अन्य तकनीकी व विशेष जांच टीमें घटनास्थल का दौरा करेंगी। ये टीमें कोच के भीतर से सैंपल जुटाएंगी। इसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

——–

यह था मामला

6 नवंबर को अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस (12508) में सरहिंद-राजपुरा रेलखंड के सराय बंजारा स्टेशन के पास अचानक भीषण आग लग गई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि महज 35 मिनट के भीतर ट्रेन के चार अनारक्षित कोच जलकर खाक हो गए। हैरानी की बात यह है कि ये चारों कोच सिर्फ तीन महीने पहले ही कपूरथला रेल कोच फैक्टरी में तैयार किए गए थे। डिब्बों में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। धुआं और लपटें उठते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन समय रहते चेन पुलिंग होने और लोको पायलट व गार्ड की सूझबूझ से ट्रेन तुरंत रोक ली गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X