शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कांगड़ा

Kangra News:शराब के नशे में पत्नी-बच्चों को घर से निकाला, अदालत ने दिया तलाक – Man, While Intoxicated, Drove His Wife And Children Out Of The House; Court Grants Divorce

November 14, 2026


फैमिली कोर्ट देहरा ने क्रूरता और परित्याग को माना विवाह विच्छेद का आधार

संवाद न्यूज एजेंसी

धर्मशाला। शराब पीकर पत्नी से मारपीट करने और उसे बच्चों सहित घर से निकालने के मामले में फैमिली कोर्ट देहरा ने विवाह विच्छेद की डिक्री पारित की है। अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश सपना पांडे की अदालत ने पति की क्रूरता और परित्याग को तलाक का आधार मानते हुए महिला की याचिका स्वीकार कर ली।

मामले के अनुसार, दंपती का विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। महिला ने अदालत में याचिका दायर कर आरोप लगाया कि उसका पति शराब पीने का आदी था। नशे की हालत में वह अक्सर उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करता था। कई बार देर रात घर पहुंचने के बाद उसे बच्चों सहित कमरे से बाहर निकाल देता था।

महिला के अनुसार, जून 2017 में पति ने शराब के नशे में उसके और बच्चों के साथ मारपीट कर उन्हें वैवाहिक घर से निकाल दिया। इसके बाद वह मायके में रहने लगी। पति के परिजनों और रिश्तेदारों के माध्यम से कई बार समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। महिला ने सीडीपीओ देहरा के समक्ष भी शिकायत दर्ज करवाई। उसने आरोप लगाया कि पति ने उसके और बच्चों के भरण-पोषण के लिए कोई आर्थिक सहायता भी नहीं दी।

अदालत में पति के पेश न होने पर उसके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गई। घरेलू हिंसा से संबंधित रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य भी पेश किए गए। पति की ओर से महिला के आरोपों का कोई खंडन नहीं किया गया।

अदालत ने तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर माना कि पति की क्रूरता और परित्याग के कारण वैवाहिक संबंध पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं। ऐसे में दोनों को साथ रहने के लिए बाध्य करना उचित नहीं है। इसके आधार पर अदालत ने महिला की तलाक याचिका स्वीकार कर विवाह विच्छेद के आदेश दिए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X