Kushinagar News:भाई के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग, टावर पर चढ़ी किशोरी – Teenage Girl Climbs Tower, Demands Arrest Of Those Accused Of Her Brother’s Murder
कप्तानगंज। भाई की हत्या के तीन आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को एक किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई। उसने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। कार्रवाई के लिए प्रशासन के लिखित आश्वासन पर करीब पांच घंटे बाद किशोरी टावर से उतरी।
जानकारी के मुताबिक कप्तानगंज कस्बे में स्थित इंटर कॉलेज में 14 अगस्त को छात्रों के दो गुटों में विवाद हो गया था। उसी दिन छुट्टी के बाद कॉलेज से निकलने पर दोनों गुट चकबंदी चौराहे पर फिर भिड़ गए थे। इस विवाद में मौके पर मौजूद वार्ड नं.-16 हरिहरनाथ दक्षिणी निवासी रामभवन साहनी के बेटे करन साहनी (12) की मौत हो गई थी। इस मामले में परिजन की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इनमें से दो को जेल भेजा जा चुका है।
करन की हत्या के मामले में तीन महीने बाद भी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिवार में नाराजगी है। छोटे भाई के कत्ल के बाद सभी आरोपियों पर कार्रवाई न होने से बहन रागिनी भी व्यथित है। शुक्रवार की सुबह बिना किसी को कुछ बताए वह घर से निकली मोहल्ले में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह करीब 11 बजे इसकी जानकारी मिलने पर परिजन और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने उसे समझाते हुए कई बार टावर से उतरने की अपील की। किशोरी अपनी मांगों पर अड़ी रही। शाम करीब चार बजे तहसीलदार कप्तानगंज अभिषेक मिश्रा ने परिवार की मांगों पर कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद रागिनी टावर से उतरी और परिजन के साथ घर लौट गई।
किसी और थाने की पुलिस से जांच कराने की मांग
तहसीलदार अभिषेक मिश्रा ने बताया कि किशोरी और उसके घर वालों ने सभी हत्यारोपियों की गिरफ्तार की मांग की है। इसके साथ ही मामले की विवेचना कप्तानगंज के बजाय किसी दूसरे थाने की पुलिस से कराने के लिए कहा है। इसके अलावा आरोपियों को बचाने के आरोपों के संबंध में संबंधित स्कूल की जांच कराने की भी मांग कर रहे हैं। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। कप्तानगंज थानेदार धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि किशोरी को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है। वह मोबाइल टावर पर कैसे चढ़ी, इसकी भी जांच की जा रही है।
