शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुशीनगर

Kushinagar News:नहाय-खाय से छठ महापर्व का हुआ शुभारंभ, खरना आज – The Grand Festival Of Chhath Begins With ‘nahay-khay’; ‘kharna’ Is Today

November 13, 2026


पडरौना। लोक आस्था का महापर्व छठ की शुरूआत शुक्रवार को नहाय-खाय से हो गई। छठ के लिए घरों से लेकर घाटों तक तैयारियां तेज हो गई हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व को लेकर व्रती महिलाओं में खासा उत्साह है। महिलाएं छठी मइया और सूर्यदेव की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली की कामना करेंगी। पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। फल, सूप, दउरा और पूजन सामग्री की खरीदारी शुरू हो गई है।

छठ पर्व में उम्र का अंतर भी आस्था के उत्साह को कम नहीं कर पाता। बुजुर्ग महिलाएं जहां वर्षों से चली आ रही परंपराओं का निर्वहन कर रही हैं, वहीं नई पीढ़ी की महिलाएं भी पूरे श्रद्धाभाव से व्रत की तैयारियों में जुटी हैं। शनिवार को खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करेंगी। इसके बाद अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देंगी। अगले दिन उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित कर व्रत का पारण करेंगी। घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और छठ के पारंपरिक गीत पर्व की छटा को और खास बनाएंगे।

छठ पर सज गईं दुकानें, खरीदारी को उमड़ी भीड़ : पडरौना। लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई। पर्व को लेकर शहर से लेकर आसपास के बाजारों तक पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। पडरौना की प्रमुख सड़कों और चौराहों पर दुकानें लगने से बाजार में रौनक बढ़ गई है।

छठ पूजा की खरीदारी के लिए शुक्रवार सुबह से ही बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। दरबार रोड, तिलक चौक, धर्मशाला रोड, कोतवाली रोड, सुभाष चौक, बेलवां चुंगी, जटहां रोड, रामकोला रोड और बावली चौक समेत प्रमुख स्थानों पर पूजन सामग्री की दुकानें सजी रहीं। यहां डलिया, सुपली, फल, नारियल, सिंदूर और कोसी के सामान की खरीदारी के लिए देर शाम तक ग्राहकों का आना-जाना लगा रहा।

छठ की खरीदारी के साथ लोगों ने नए कपड़े और अन्य जरूरी सामान भी खरीदे। बाजार में भीड़ बढ़ने से पडरौना-कसया, कोतवाली रोड और रामकोला रोड समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। गलियों में भी आवागमन प्रभावित हुआ। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी उठानी पड़ी। जाम हटाने के लिए पुलिसकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। उधर, अधिकारियों ने छठ घाटों पर पहुंचकर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पूजन सामग्री के दामों में हुई बढ़ोतरी : छठ पूजा के लिए जरूरी सामानों की कीमतों में पिछले साल के मुकाबले बढ़ोतरी दर्ज की गई है। डलिया का पूरा सेट पिछले साल 150 रुपये में मिलता था, जो इस बार 200 रुपये में बिक रहा है। इसी तरह बांस की सुपली, फल, नारियल और कोसी के सामान के दाम भी बढ़े हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X