Kasganj News:बांध से छोड़े गए पानी से 40 बीघा गेहूं की फसल जलमग्न, मुआवजे की मांग – 40 Bighas Of Wheat Crop Submerged Due To Water Released From Dam; Compensation Demanded
कासगंज। गांव इखौना में बांध से अचानक छोड़े गए पानी ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण लगभग 40 बीघा गेहूं की फसल जलमग्न होकर पूरी तरह बर्बाद हो गई है।
फसल के नुकसान से आक्रोशित किसानों ने शुक्रवार को संयुक्त श्रमिक किसान मोर्चा के बैनर तले मंडल अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह यादव के नेतृत्व में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर मुआवजा और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सिंचाई विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना के क्षमता से अधिक पानी छोड़ दिया जिससे बांध टूटने की स्थिति बन गई और पानी खेतों में भर गया। इसकी चपेट में आकर ओमकार सिंह, कालीचरण यादव, गिरीश यादव, चंद्रपाल यादव और मुनीब यादव समेत कई किसानों की फसल नष्ट हो गई।
किसानों का कहना है कि भारी नुकसान के बावजूद अब तक न तो फसलों का सर्वे कराया गया है और न ही मुआवजे की प्रक्रिया शुरू हुई है। मोर्चा पदाधिकारियों ने मांग की कि राजस्व और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल सर्वे कराया जाए और किसानों को उचित मुआवजा मिले।
साथ ही बंद पड़े जल निकासी नाले को खुलवाने की मांग भी उठाई गई। चेतावनी दी गई है कि सात कार्यदिवस में मांगें पूरी न होने पर किसान सिंचाई विभाग कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे। ज्ञापन देने वालों में राजकुमार, बॉबी यादव, संतोष राजपूत, बलवीर, सोनू, राम सिंह, चोब सिंह और सुरेंद्र सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
