एसपीओ के हत्यारों की तलाश:किश्तवाड़ के जंगलों में आतंकियों की खोज में पोस्टर जारी, 30 लाख का रखा इनाम – Posters Issued In Search Of Terrorists In The Forests Of Kishtwar
किश्तवाड़ जिले के दच्छन के जंगल में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या के दूसरे दिन सुरक्षा एजेंसियां ने हमलावरों की तलाश और तेज कर दी है। इस क्षेत्र में हिजबुल मुजाहिदीन का कमांडर जहांगीर सरूरी समेत तीन आतंकी लंबे समय से सक्रिय हैं। पुलिस ने तीनों के पोस्टर नए सिरे से जारी किए हैं। पुलिस ने आतंकियों की सूचना देने वाले को 30 लाख रुपये इनाम में देने की घोषणा की है। इन पर इनाम पहले से है।
एसपीओ भवी चंद और रशपाल कुमार दच्छन के कियार क्षेत्र में तैनात थे। दोनों 11 नवंबर को ड्यूटी के लिए धरना-मरवाह की ओर जा रहे थे। रास्ते में लापता होने के वीरवार को दोनों के शव बरामद हुए थे। सूत्रों ने बताया कि दोनों को दो-दो गोलियां मारी गई हैं। डीजीपी नलिन प्रभात ने स्थिति की समीक्षा के लिए वीरवार शाम को ही किश्तवाड़ जिला मुख्यालय पहुंचे थे।
बारिश में भी अभियान जारी
हमलावरों की पहचान करने, उन्हें ट्रैक करने और मार गिराने के लिए सुरक्षा बलों का बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन जारी है। सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा बल मिलकर जंगल खंगाल रहे हैं। पूरे किश्तवाड़ और आसपास के जिलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। वीरवार रात से शुरू हुई बारिश के बावजूद सुरक्षा बल के जवान दुर्गम पहाड़ी इलाकों में लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
वाहनों की गहन जांच
आतंकियों की धरपकड़ और आवाजाही पर नजर रखने के लिए डोडा-जम्मू-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। वाहनों की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का संयुक्त अभियान दच्छन, मरवाह और आसपास के दुर्गम क्षेत्रों में जारी है।
दोनों एसपीओ का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार…
दच्छन के जंगल में मारे गए दोनों एसपीओ के शव उनके स्वजन को सौंप दिए गए हैं। शुक्रवार को इनका अंतिम संस्कार किया गया।
पोस्टर में ये तीन आतंकी
पुलिस ने तीन वांछित आतंकियों के पोस्टर सार्वजनिक किए हैं। इनमें हिजबुल कमांडर जहांगीर सरूरी उर्फ मोहम्मद अमीन सरूरी, रियाज अहमद उर्फ हजारी और मुदस्सर हुसैन शामिल हैं। सरूरी 35 वर्षों से सक्रिय है। इनकी गिरफ्तारी में मदद के लिए सूचना देने वाले को कुल 30 लाख रुपये के इनाम की है।
सूचना देने के लिए पुलिस ने मोबाइल नंबर 9797900958 और 1995357494 जारी किए हैं। पुलिस ने अपील की है कि इन आतंकियों के ठिकाने, आवाजाही या गतिविधियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
कुलगाम हमले में 2 नहीं, 3 आतंकी थे 200 ओजीडब्ल्यू हिरासत में लिए गए
कुलगाम जिले के नौपोरा अखरन इलाके में बुधवार को सीआरपीएफ के नाके पर हुए आतंकी हमले की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात में दो नहीं, बल्कि तीन आतंकी शामिल थे। इनमें दो विदेशी आतंकी प्रतीत होते हैं। हमले में स्थानीय आतंकी कमांडर लतीफ भट की भूमिका शुरू से ही सामने आ रही है। सुरक्षाबलों ने आतंकियों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी और तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
