धान की कटाई-मिंजाई के दौरान खतरा:धमतरी में 14 लोगों की दोनों आंखों की रोशनी गई, दो की आंखें निकालनी पड़ी – Dhamtari Paddy Harvesting Eye Injury 49 Blindness Cases
November 14, 2026

सांकेतिक तस्वीर
विस्तार
धमतरी जिले में धान की कटाई और मिंजाई के दौरान बरती जा रही असावधानी किसानों और खेत मजदूरों की आंखों के लिए अत्यंत घातक साबित हो रही है। इस सीजन में उड़ते तिनकों और धान की बालियों के कारण आंखों में गंभीर चोट लगने से 49 लोग अंधेपन का शिकार बन चुके हैं। इनमें 14 लोग ऐसे हैं, जिनकी रोशनी पूरी तरह चली गई है, जबकि 35 लोग एक आंख से देखने की क्षमता गंवा चुके हैं।
गंभीर संक्रमण के कारण दो लोगों की एक-एक आंख शल्य चिकित्सा के माध्यम से निकालनी पड़ी है। जिला अस्पताल में रोजाना ऐसे तीन से चार मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं, जहां लापरवाही और गलत दवाओं का सेवन आंखों को स्थायी नुकसान पहुंचा रहा है।
जिले में गहराता कॉर्नियल ब्लाइंडनेस का खतरा
धान की मिंजाई और कटाई के दौरान तिनके या बालियां आंखों में लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। सही समय पर उचित डॉक्टरी देखभाल न मिलने या बिना डॉक्टरी सलाह के ली गई दवाओं के कारण मरीज कॉर्नियल ब्लाइंडनेस यानी पुतली के अंधेपन की चपेट में आ रहे हैं। पिछले वर्ष भी इसी तरह की लापरवाही के चलते दो मरीजों को अपनी एक-एक आंख गंवानी पड़ी थी। इस वर्ष स्थिति और चिंताजनक हो गई है क्योंकि आंख की पुतली में घाव बनने के बाद संक्रमण तेजी से फैल रहा है। समय पर विशेषज्ञ के पास न जाने से आंखों को बचाना असंभव हो जाता है।
कुरूद और नगरी क्षेत्र में सर्वाधिक प्रभावित मरीज
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले के कुरूद और नगरी विकासखंड में कटाई के दौरान आंखें खराब होने के सर्वाधिक मामले दर्ज किए गए हैं। कुरूद ब्लॉक में दोनों आंखों की दृष्टि खोने वाले 10 और एक आंख से अंधेपन का शिकार बने 13 मरीज सामने आए हैं। नगरी ब्लॉक में एक आंख की रोशनी गंवाने वाले 17 मरीज मिले हैं, हालांकि वहां दोनों आंखों से अंधेपन का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। मगरलोड विकासखंड में दो लोग दोनों आंखों से और तीन लोग एक आंख से दृष्टिहीन हुए हैं। वहीं गुजरा और धमतरी क्षेत्र में दो मरीजों ने दोनों आंखों की तथा दो मरीजों ने एक आंख की रोशनी गंवाई है।
संक्रमण और गलत दवाओं का घातक प्रभाव
नेत्ररोग विशेषज्ञों के अनुसार, धान का पत्ता या तिनका आंख में चले जाने पर लोग अक्सर घबराहट में आंखों को तेजी से रगड़ देते हैं। रगड़ने की इस प्रक्रिया से आंख की संवेदनशील पुतली यानी कॉर्निया पर गहरा घाव बन जाता है। इसके अतिरिक्त मरीज चिकित्सक की सलाह लिए बिना ही मेडिकल स्टोर से सस्ते स्टेरॉयड आई ड्रॉप्स खरीदकर आंखों में डाल लेते हैं। यह कदम घाव को ठीक करने के बजाय फंगल और बैक्टीरियल संक्रमण को कई गुना बढ़ा देता है। इसके प्रभाव से आंख गलने लगती है और अंततः मरीज की आंख निकालने की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
