शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
अमेरिका:मिसिसिपी नदी में टकराया क्रूज; टैंकर की भीषण टक्कर से पलटी नाव, 32 यात्रियों को पहुंचाया गया अस्पताल – Usa Cruise Ship Collides With Tanker Mississippi River Vessel Capsizes Following Severe Impact
दुनिया

अमेरिका:मिसिसिपी नदी में टकराया क्रूज; टैंकर की भीषण टक्कर से पलटी नाव, 32 यात्रियों को पहुंचाया गया अस्पताल – Usa Cruise Ship Collides With Tanker Mississippi River Vessel Capsizes Following Severe Impact

November 14, 2026


अमेरिका के न्यू ऑरलियन्स में 129 यात्रियों को ले जा रही एक रिवर क्रूज बोट से टैंकर टकरा गया, जिससे बोट आंशिक रूप से डूब गई। इस घटना के बाद दर्जनों यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया है।

न्यू ऑरलियन्स पोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 12:30 बजे मिसिसिपी नदी पर ‘अटलांटिक डामर’ नाम का टैंकर ‘अमेरिकन हेरिटेज’ पैडल-बोट से टकरा गया।

यात्रियों के उतरने के दौरान हुआ हादसा

क्रूज बोट लगभग दो घंटे पहले ही किनारे पर रुकी थी, ताकि यात्री उससे उतर सकें। न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो ने शुक्रवार शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ‘अमेरिकन हेरिटेज’ पर सवार सभी यात्रियों का पता लगा लिया गया है। उन्होंने बताया कि 32 यात्रियों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, लेकिन किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आई हैं। उन्होंने कहा कि ‘अटलांटिक डामर’ टैंकर ‘अनियंत्रित हो गया और क्रूज बोट से जा टकराया।’  

टक्कर के बाद नदी में गिरे यात्री

‘द एसोसिएटेड प्रेस’ समाचार एजेंसी के अनुसार, घटनास्थल के वीडियो में दिख रहा है कि एक बहुत बड़ा टैंकर पैडल-व्हील क्रूज बोट से टकराता है, जिसके बाद धातु और कांच टूटने की तेज आवाजें सुनाई देती हैं। लाइफ जैकेट पहने एक दर्जन से ज्यादा लोगों को नदी से निकालकर पास के जहाजों पर पहुंचाया गया। नदी के पानी का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस (66 डिग्री फारेनहाइट) था। वहीं, कुछ अन्य लोग बोट की रेलिंग के पास खड़े थे, जबकि बोट पानी में और ज्यादा झुकती जा रही थी।

चश्मदीद ने बताया, 15 मिनट में पलट गई बोट

घटना के एक चश्मदीद जेमी होल्फोर्ड ने स्थानीय टेलीविजन को बताया, ‘यह बिल्कुल अवास्तविक था। टक्कर से लेकर बोट के पलटने तक का समय सिर्फ 15 मिनट था।’ पोर्ट पुलिस, दमकल विभाग, कोस्ट गार्ड और आपातकालीन चिकित्सा कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं। पोर्ट की प्रशासनिक इमारत के अंदर एक ट्राइएज एरिया (घायलों की प्राथमिकता के आधार पर इलाज की जगह) बनाया गया है। नदी में जहाजों की आवाजाही रोक दी गई है। ‘अमेरिकन क्रूज लाइन्स’, जो इस बोट का संचालन करती है, ने कहा कि सभी मेहमानों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। कंपनी ने कहा कि वह “इस घटना से प्रभावित सभी लोगों को लेकर बेहद चिंतित है।’

ये भी पढ़ें: ट्रंप की चीन यात्रा में परमाणु हथियारों पर मंथन: जिनपिंग और पुतिन के साथ करेंगे त्रिपक्षीय चर्चा, समझौते की उम्मीद कम

2015 में बनी थी पांच डेक वाली क्रूज बोट

2015 में बनी पांच डेक वाली ‘अमेरिकन हेरिटेज’ बोट में 150 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। यह लुइसियाना और मिसिसिपी के विभिन्न स्थानों की आठ दिवसीय क्रूज यात्रा पूरी कर रही थी। ‘मरीनट्रैफिक’ ट्रैकर के अनुसार, 160 मीटर (520 फीट) लंबा यह टैंकर मार्शल आइलैंड्स का झंडा लगाए हुए था और न्यू ऑरलियन्स जा रहा था। समुद्री मामलों की पत्रिका ‘मरीन इनसाइट्स’ के अनुसार, यह जहाज मुख्य रूप से डामर (एस्फाल्ट) और बिटुमेन ढोने का काम करता है। टक्कर किस वजह से हुई और क्या टैंकर पर कोई माल लदा हुआ था, यह अभी पता नहीं चल पाया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X