डायबिटीज वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है, जिसका खतरा हर उम्र के लोगों में देखा जा रहा है। इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन (आईडीएफ) के अनुसार, दुनियाभर में लगभग हर 9 में से 1 वयस्क (20-79 वर्ष की आयु के लगभग 58.9 करोड़ लोग) डायबिटीज का शिकार है। अक्सर ब्लड शुगर हाई रहने वाली इस बीमारी को अगर कंट्रोल न किया जाए तो समय के साथ इससे आंखों, तंत्रिकाओं, किडनी और शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों पर गंभीर दुष्प्रभाव हो सकता है। लेकिन डायबिटीज को लेकर चिंता यहीं खत्म नहीं होती है।
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि डायबिटीज तो खतरनाक है ही, पर इससे भी ज्यादा खतरनाक वह स्थिति है जिसमें लोग इस बीमारी का शिकार तो हैं पर उन्हें इस बात का पता ही नहीं है। इसे साइलेंट डायबिटीज कहा जाता है। बड़ी संख्या में लोग इस बीमारी से अनजान रहते हैं, उन्हें पता ही नहीं होता कि उनके शरीर में ब्लड शुगर का स्तर सामान्य से ज्यादा हो चुका है।
बिना लक्षणों वाले डायबिटीज की स्थिति आपके स्वास्थ्य जोखिमों को और भी बढ़ाने वाली हो सकती है।