मांडौठी गांव के खेतों में प्लास्टिक वेस्ट जलाकर प्रदूषण फैलाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब ताल नगर में रात के समय प्लास्टिक के अवशेष और लोहे के ड्रमों पर लगा पेंट जलाने का मामला सामने आया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शिकायत पर आसौदा थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मांडौठी क्षेत्र में प्लास्टिक वेस्ट जलाने का यह तीसरा मामला है। इससे पहले भी ऐसे दो मामलों में एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 नवंबर की रात ताल नगर में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह दमकल विभाग की टीम और पुलिस कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान प्लाट में प्लास्टिक के अवशेषों की मदद से लोहे के ड्रमों पर लगा पेंट जलाया जा रहा था। इससे वातावरण में धुआं और दुर्गंध फैल रही थी।
शिकायत में यूपी के अंबेडकर के गांव सैपुर निवासी महेंद्र, शिव कुमार, देवेंद्र और सुनील कुमार को इस गतिविधि में शामिल बताया गया है। शिकायत में जमीन मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
आसौदा थाना प्रभारी जयभगवान ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223, 280 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 15 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।