उरई। शहर के लहरियापुरवा स्थित खुड़ा कॉलोनी के पास पेयजल संकट दूर करने के लिए प्रस्तावित ओवरहेड टैंक के निर्माण में आ रही बड़ी बाधा आखिरकार दूर हो गई। अमृत 2.0 योजना के तहत प्रस्तावित परियोजना की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को शुक्रवार को जिला प्रशासन ने हटवा दिया। यहां झुग्गी-झोपड़ियां बनाकर लोग रह रहे थे, जिसके चलते करीब 1700 किलोलीटर क्षमता की ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा था। अब इसके निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के नेतृत्व में नगर पालिका और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पहले से चिह्नित भूमि को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई की। बताया गया कि परियोजना के लिए निर्धारित जमीन पर अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ियां स्थापित कर ली गई थीं। इससे निर्माण कार्य में लगातार बाधा आ रही थी। प्रशासन की ओर से पहले भूमि की पैमाइश कराई गई थी और संबंधित लोगों को नोटिस भी जारी किए गए थे।
शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कार्रवाई करते हुए जमीन खाली करा दी। भूमि उपलब्ध होने से अब परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।