जालंधर में रिहायशी इलाके में तेज रफ्तार कार चलाने से रोकना एक रिटायर्ड एनएसजी कमांडो को भारी पड़ गया। रिटायर्ड कमांडो संदीप कुमार ने पंजाब पुलिस के एक एएसआई पर बदसलूकी, थप्पड़ मारने और गला पकड़ने का आरोप लगाया है। घटना के दौरान धक्का-मुक्की में उनका मोबाइल फोन टूट गया और गले पर भी चोट आई।
संदीप कुमार के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम वह अपने कुत्ते के साथ घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक एएसआई तेज रफ्तार से स्विफ्ट कार लेकर वहां से गुजरा। उन्होंने अपने कुत्ते को कार की चपेट में आने से बचाया और एएसआई को रिहायशी इलाके में सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी। आरोप है कि इसी बात पर दोनों के बीच बहस हो गई और एएसआई ने उनके साथ हाथापाई की। घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।
रिटायर्ड कमांडो ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस ने उल्टा उनके खिलाफ ही 112 पर कॉल कर दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि संबंधित एएसआई की पत्नी पुलिस विभाग में एसएचओ हैं और उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। संदीप कुमार ने सिविल अस्पताल से एमएलआर कटवा ली है और रामा मंडी थाने में शिकायत देने की बात कही है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर और डीजीपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित एएसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।