कैसे आपकी थाली साबित हो सकती है आपकी बीमारी की दवाई? क्या है चर्चा में आया ‘फूड इज मेडिसिन’ कॉन्सेप्ट?
भारत का आयुर्वेद सदियों पुराना है, जिसमें हर तरह के भोजन को ही सही मौसम और सही मात्रा में लेने पर औषधी के रूप में माना जाता है. आयुर्वेद का मानना है कि अगर अपनी प्रकृति जैसे वात, पित्त और कफ को ध्यान में रख कर और सही मौसम और समय अनुसार भोजन किया जाए तो रोज का खाना ही किसी दवाई से कम नहीं है. अब विज्ञान भी इस बात को रिसर्च के जरिए साबित कर रहा है. वैज्ञानिकों की कई रिसर्च में यह बात सामने आई है कि हम क्या खाते हैं और कैसे खाते हैं, इसका सीधा असर हमारी सेहत पर पड़ता है. रिसर्च बताती हैं कि पौष्टिक और संतुलित खाना टाइप-2 डायबिटीज, दिल की बीमारियों और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है.
यही है ‘फूड इज मेडिसिन’ यानी ‘भोजन ही दवा है’ की अवधारणा. इसी अवधारणा के तहत ‘फूड प्रिस्क्रिप्शन’ यानी डॉक्टर की सलाह पर खास तरह का खाना लेने का भी कॉन्सेपट है. इस पहल में डॉक्टर मरीज की सेहत और बीमारी को देखते हुए उसे फल, सब्जियां और प्रोटीन से भरपूर पौष्टिक खाना खाने की सलाह देते हैं. कई बार मरीजों को ये चीजें उपलब्ध भी कराई जाती हैं. इसका मकसद कुछ बीमारियों से बचाव करना, उन्हें कंट्रोल में रखना या उनके इलाज में मदद करना है.
अमेरिका के उत्तरी मिसिसिपी इलाके में कई लोगों को भोजन को दवा की तहर देकर उनकी सेहत पर रिसर्च की जा रही है. मिसिसिपी विश्वविद्यालय के मीगन रोसेन्थल और नताली मिंटन खुद ये काम कर रहे हैं. उनका कहना है कि उत्तरी मिसिसिपी में ‘फूड इज मेडिसिन’ कार्यक्रम चलाने का हमें खुद अनुभव है. इससे हमें समझने में मदद मिली है कि ऐसे कार्यक्रम लोगों के लिए कितने फायदेमंद हो सकते हैं और इन्हें लागू करने में क्या मुश्किलें आती हैं.
पौष्टिक तत्वों की कमी हो सकती है पूरी
‘फूड इज मेडिसिन’ कार्यक्रम के तहत मरीजों को उनकी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग तरह की मदद दी जाती है. इसमें पौष्टिक खाने के पैकेट, राशन खरीदने के लिए वाउचर और मरीज की बीमारी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया खाना शामिल हो सकता है. इन कार्यक्रमों का मकसद दोहरा है. पहला, लोगों की सेहत में सुधार करना और दूसरा, इलाज पर होने वाले खर्च को कम करना.
अमेरिका में साल 2024 में 4.7 करोड़ से ज्यादा लोग ऐसे परिवारों में रह रहे थे, जहां खाने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी. इनमें 73 लाख बच्चे भी शामिल थे. वहीं, दुनियाभर में करीब 67.3 करोड़ लोग भुखमरी का सामना कर रहे हैं. ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के सामने खाने की कमी का खतरा ज्यादा रहता है. ‘फूड इज मेडिसिन’ कार्यक्रम सीधे तौर पर अमेरिका के ‘मेक अमेरिका हेल्दी अगेन’ यानी अमेरिका को फिर से स्वस्थ बनाने वाले अभियान का हिस्सा नहीं है. हालांकि, अमेरिका के स्वास्थ्य एवं मानव सेवा मंत्री रॉबर्ट एफ. केनेडी जूनियर ने इस विचार को आगे बढ़ाने और लोगों का ध्यान इस ओर खींचने में अहम भूमिका निभाई है.
किसने शुरू किया भोजन को दवा मानने का कॉन्सेप्ट
भोजन को इलाज का हिस्सा बनाने की सलाह देने वाले शुरुआती डॉक्टरों में डॉ. जैक गीगर का नाम शामिल है. वह नागरिक अधिकारों के लिए काम करने वाले एक्टिविस्ट भी थे. वह नोबेल शांति पुरस्कार जीतने वाले दो संगठनों के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे. डॉ. गीगर ने 1960 के दशक में अमेरिका के दक्षिण बोस्टन और मिसिसिपी डेल्टा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू करने में मदद की थी. इन केंद्रों पर गरीब और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाती थीं. जब सरकारी अधिकारियों ने मिसिसिपी डेल्टा में मरीजों को भोजन देने की सलाह लिखने पर उनकी आलोचना की, तो गीगर ने इसका जवाब देते हुए कहा था, ‘पिछली बार जब मैंने अपनी मेडिकल किताबें देखी थीं, तब कुपोषण का सबसे सही इलाज खाना ही बताया गया था.’ उनका सीधा मतलब था कि अगर कोई व्यक्ति भूख और कुपोषण से बीमार है, तो उसे ठीक करने के लिए पौष्टिक भोजन देना जरूरी है.
दिल की बीमारियों से लेकर डायबिटीज तक में मदद की उम्मीद
साल 2023 में अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष ने इस विषय पर काम करने के लिए शोधकर्ताओं और डॉक्टरों का एक सलाहकार समूह बनाया था. इस समूह ने कहा कि ‘फूड इज मेडिसिन’ जैसे कार्यक्रम पुरानी बीमारियों को रोकने और उन्हें कंट्रोल करने में मदद कर सकते हैं. अब इस पहल को दूसरे देशों में भी समर्थन मिल रहा है. साल 2025 में रॉकफेलर फाउंडेशन ने दुनिया के अलग-अलग देशों के शोधकर्ताओं, स्वास्थ्य नीतियों से जुड़े विशेषज्ञों और इस क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की एक बैठक आयोजित करने में मदद की. इसी बैठक में ‘फूड इज मेडिसिन ग्लोबल अलायंस’ नाम का संगठन बनाया गया.
इस संगठन का लक्ष्य है कि साल 2030 तक दुनियाभर में ऐसे कार्यक्रमों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाए. साथ ही इनके लिए लंबे समय तक पैसों की व्यवस्था हो और ये कार्यक्रम लगातार चलते रहें. हाल ही में हुई एक बड़ी रिसर्च में इस विषय से जुड़े 14 अध्ययनों के नतीजों को एक साथ देखा गया. इसमें पाया गया कि ऐसे कार्यक्रमों से लोगों के खानपान में सुधार हुआ और उन्हें पर्याप्त भोजन मिलने की समस्या भी कम हुई.
डायबिटीज के मरीजों पर किए गए एक दूसरे रिव्यू में भी अच्छे नतीजे सामने आए. इसमें पाया गया कि कार्यक्रम से जुड़े लोगों ने पहले के मुकाबले ज्यादा फल और सब्जियां खाना शुरू किया. साथ ही उनके ब्लड शुगर का स्तर भी कम हुआ. ये नतीजे पहले की गई हमारी रिसर्च से भी मेल खाते हैं. हालांकि, शोधकर्ताओं के लिए अभी यह समझना जरूरी है कि अलग-अलग देशों और इलाकों में लोगों की जरूरतें अलग होती हैं. ऐसे में स्थानीय खानपान, खाने की उपलब्धता और लोगों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखकर इन कार्यक्रमों को कैसे बेहतर बनाया जा सकता है.
महंगाई बढ़ने से और बढ़ी परेशानी
आज दुनियाभर में मौसम में बदलाव और युद्ध जैसे हालात का असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी पड़ रहा है. हाल के समय में होर्मुज जलडमरूमध्य से ईंधन और दूसरे सामान की सप्लाई में देरी जैसी घटनाओं ने भी खाद्य पदार्थों की कीमतों को प्रभावित किया है. इस वजह से अनाज और खाने में इस्तेमाल होने वाले तेल जैसी जरूरी चीजें महंगी हुई हैं. कुछ देशों में तो खाना पकाने के तेल की कमी भी देखने को मिली है.
ऐसे हालात में ‘फूड इज मेडिसिन’ की अवधारणा काफी उपयोगी लगती है. आमतौर पर भी यह बात समझ में आती है कि अच्छा खाना सेहत को बेहतर रख सकता है. लेकिन सिर्फ इस सोच के आधार पर यह नहीं कहा जा सकता कि ऐसे कार्यक्रम हर बीमारी में कितना फायदा पहुंचाते हैं.
