पचोखरा। एटा-टूंडला मार्ग पर 12 नवंबर की शाम सवारियों से भरी एक बस के खंदी में पलटने और उसमें 30 यात्रियों के घायल होने के बाद भी जिम्मेदार सबक नहीं ले रहे हैं। शनिवार को भी रोडवेज के रंग में रंगी निजी (डग्गेमार) बसें एटा-टूंडला मार्ग पर बिना किसी डर के सवारियां भरती और फर्राटा भरती रहीं।
दैनिक यात्रा करने वाले पचोखरा के मोहन सिंह, आदेश यादव व अन्य का कहना है कि इन बसों में वास्तविक स्थिति पूरी तरह अस्पष्ट है। न तो यह पता चलता है कि कौन सी बस रोडवेज की अनुबंधित है और कौन सी नहीं। बसों को हूबहू रोडवेज बसों के रंग में रंगा गया है, इसलिए अक्सर यात्री इन्हें सरकारी बस समझकर इनमें सवार हो जाते हैं। इसके बाद मासिक पास और रियायती टिकट को लेकर परिचालकों और यात्रियों के बीच तीखी नोकझोंक होती है, जो कई बार बड़े झगड़े का रूप ले लेती है। डग्गेमार बसों की तेज रफ्तार के साथ-साथ एटा-टूंडला मार्ग का अधूरा चौड़ीकरण भी हादसों को दावत दे रहा है। सड़क पर पर्याप्त चौड़ाई न होने के कारण जब भी कोई तेज रफ्तार वाहन दूसरे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास करता है, तो जगह कम पड़ने से वाहन अनियंत्रित होकर खंदी में जा गिरते हैं।
इन बसों के खिलाफ परिवहन विभाग के साथ मिलकर अभियान चलाया जाएगा।
– शेखर सेंगर, सीओ टूंडला
——–