Bhiwani News:आठ साल बाद राजस्थान से दबोचा 25 हजार का इनामी हत्यारोपी – Murder Accused With A 25,000 Bounty On His Head Nabbed In Rajasthan After Eight Years
भिवानी। गांव बड़ेसरा के बहुचर्चित बलजीत हत्याकांड में आठ साल से फरार 25 हजार के इनामी मीनू कुमार उर्फ धोलू को सीआईए टीम ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए दिल्ली और राजस्थान में अलग-अलग जगहों पर मजदूरी करता रहा। इस हत्याकांड में कई आरोपियों को सजा हो चुकी है। मीनू को शनिवार को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
डीएसपी अनूप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सीआईए के उपनिरीक्षक बलजीत सिंह की टीम ने मीनू कुमार को राजस्थान से काबू किया। इसके खिलाफ नौ जुलाई 2017 को बवानीखेड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। न्यायालय ने वर्ष 2018 में उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस महानिदेशक ने वर्ष 2020 में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
2016 के पंचायत चुनाव में शुरू हुई थी रंजिश
गांव बड़ेसरा के इस बहुचर्चित हत्याकांड की पृष्ठभूमि वर्ष 2016 के पंचायत चुनाव से जुड़ी है। उस समय आनंद उर्फ बबलू की पत्नी सुदेश गांव की सरपंच बनी थी। बलजीत के बेटे विकास के चाचा राजकुमार ने जाली प्रमाणपत्र का इस्तेमाल कर सरपंच बनने की शिकायत की थी। आरोपों की पुष्टि के बाद सुदेश और उसके पति आनंद के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गई और बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी से पहले आनंद ने अपने साथियों के साथ राजकुमार को पीटा था। इस मामले में बलजीत सिंह गवाह थे। इसी रंजिश में बलजीत की आठ जुलाई 2017 को हत्या कर दी गई। बवानीखेड़ा पुलिस ने विकास की शिकायत पर पूर्व सरपंच आनंद उर्फ बबलू सहित उसके पक्ष के 43 लोगों के नाम एफआईआर में शामिल किए थे।
बलजीत हत्याकांड में पिछले आठ साल से फरार चल रहे मोस्ट वांटेड मीनू कुमार को गिरफ्तार किया है। भिवानी पुलिस भविष्य में भी अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखेगी। – मयंक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक भिवानी
