शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सुल्तानपुर

Sultanpur News:एक साल के मासूम का अपहरण कर 50 हजार में बेचा, महिला सहित दो गिरफ्तार – One-year-old Infant Kidnapped And Sold For 50,000; Two Arrested, Including A Woman

November 14, 2026


सुल्तानपुर। एक साल के मासूम को अगवा कर 50 हजार रुपये में बेच दिया गया। बच्चे को खरीदने वाला आरोपी उसे बेचने के लिए मुंबई तक ले गया, लेकिन सौदा नहीं हुआ। वापस लौटकर वह फिर बच्चे को बेचने की तैयारी में था। इसी बीच पुलिस ने घेराबंदी कर महिला समेत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को मासूम तौफीक को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

जौनपुर के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के ककोरगहना निवासी रोशन की पत्नी रुबीना कादीपुर कस्बे में बस स्टॉप के पीछे किराये के मकान में रहती हैं। पांच नवंबर की शाम करीब छह बजे वह बस स्टेशन के पास एक वर्षीय बेटे तौफीक को अपनी आठ वर्षीय पुत्री के पास छोड़कर पानी लेने चली गई थी। लौटकर आईं तो एक वर्षीय बेटा तौफीक गायब था। पूछने पर पुत्री भी कोई सही जवाब नहीं दे सकी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। शनिवार को उन्होंने कादीपुर कोतवाली में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर बच्चे की बरामदगी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गईं। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने कादीपुर के सराय कल्याण निवासी सीताराम की पत्नी ऊषा को शुक्रवार को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में बच्चे को 50 हजार रुपये में बेचने की बात सामने आई। ऊषा की निशानदेही पर पुलिस ने मगरावां स्थित एक कार वॉशिंग सेंटर के पास से कादीपुर खुर्द निवासी जितेंद्र को पकड़ लिया।

जितेंद्र की निशानदेही पर तौफीक बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी जितेंद्र ने बताया कि वह बच्चे को बेचने के लिए मुंबई ले गया था, लेकिन वहां खरीदार नहीं मिला। इसके बाद लौट आया और दोबारा सौदा करने की तैयारी में था। पुलिस ने ऊषा के पास से बच्चे के बदले मिले 50 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।

मानव तस्करी के आरोप में दोनों पर कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी के आरोप में विधिक कार्रवाई की गई है। बरामद मासूम को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया। एसपी ने बरामदगी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पांच टीमों ने खंगाले सीसीटीवी कैमरे

मासूम के अपहरण के बाद पुलिस ने पांच टीमें गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थल से लेकर आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सर्विलांस की मदद से पुलिस ऊषा तक पहुंची। उससे पूछताछ के बाद दूसरे आरोपी जितेंद्र की गिरफ्तारी और मासूम की बरामदगी संभव हुई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X