शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Siddharthnagar News:छठ घाटों पर चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर, ड्रोन से होगी निगरानी – Siddharthnagar News: Police Will Keep A Close Watch On Every Inch Of The Chhath Ghats; Surveillance Will Be Conducted Via Drones
सिद्धार्थनगर

Siddharthnagar News:छठ घाटों पर चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर, ड्रोन से होगी निगरानी – Siddharthnagar News: Police Will Keep A Close Watch On Every Inch Of The Chhath Ghats; Surveillance Will Be Conducted Via Drones

November 14, 2026


– सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी भीड़ के बीच करेंगी निगरानी, चोरी-छिनैती और अभद्रता रोकने के लिए विशेष सतर्कता

– दो नगर पालिका और नौ नगर पंचायतों के 11 प्रमुख स्थानों पर उमड़ेगी ढाई से तीन लाख श्रद्धालुओं की भीड़

सिद्धार्थनगर। छठ महापर्व पर घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का विशेष प्लान तैयार किया है। घाटों के चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे, जबकि सीसी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी भी भीड़ के बीच मौजूद रहेंगी।

लोक आस्था के महापर्व छठ पर अंतिम दो दिनों में व्रती महिलाएं डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर पहुंचती हैं। इससे नदियों, तालाबों और पोखरों के किनारे मेले जैसा माहौल रहता है। जिले की दो नगर पालिका सिद्धार्थनगर और बांसी के अलावा नौ नगर पंचायतों उसका, कपिलवस्तु, शोहरतगढ़, बढ़नी, इटवा, बिस्कोहर, डुमरियागंज, भारतभारी और बढ़नी चाफा में विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिले के 11 प्रमुख स्थानों पर करीब ढाई से तीन लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।

भीड़ के बीच चोरी, छिनैती और महिलाओं के साथ अभद्रता की घटनाओं को रोकने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी निगरानी करेंगे। महिला पुलिसकर्मी भी भीड़ में मौजूद रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। इसके अलावा संबंधित थानों की पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। डायल-112 की टीमें भी अलर्ट रहेंगी। घाटों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई जाएगी। पूजा शुरू होने से लेकर संपन्न होने तक पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे।

ड्रोन से निगरानी, गोताखोर और नाव भी रहेंगे तैनात

नदियों और तालाबों में पूजा के दौरान डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग कराई गई है। श्रद्धालुओं को निर्धारित सीमा से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। संवेदनशील घाटों पर नाव के साथ गोताखोर और सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके। इसके अलावा सीसी कैमरों और ड्रोन के जरिये भीड़ पर नजर रखी जाएगी। किसी तरह की गड़बड़ी या घटना होने पर उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी क्षेत्राधिकारी स्तर से भी की जाएगी।

बोले जिम्मेदार

छठ पूजा को सकुशल संपन्न कराने के लिए घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस के अलावा पीएसी बल तैनात रहेगा। ड्रोन और सीसी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। गोताखोरों और नाव की व्यवस्था भी की गई है।

– प्रशांत कुमार प्रसाद, एएसपी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X