Jaunpur News:20 नवंबर से शुरू होंगी पूर्वांचल विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं – Purvanchal University’s Odd-semester Examinations Will Begin On November 20
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 20 नवंबर से शुरू होने वाली विषम सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने समर्थ टीम के साथ बैठक कर परीक्षा संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा केंद्र आवंटन और विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर हुई बैठक में समर्थ पोर्टल के माध्यम से संचालित परीक्षा संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली गई। परीक्षा नियंत्रक ने परीक्षा आवेदन पत्रों के निस्तारण, केंद्र आवंटन, प्रवेश पत्र जारी करने और परीक्षा संचालन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में सभी प्रक्रियाएं पूरी करने पर जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने समर्थ टीम को सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने और प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबद्ध महाविद्यालयों में परीक्षा संचालन के लिए समन्वय बनाए रखने को कहा। बैठक में डॉ. सत्यम कुमार उपाध्याय, अशोक कुमार यादव, दिलीप कुमार यादव, डॉ. अखिलेश कुमार विश्वकर्मा, डॉ. रामांशु पी. सिंह, डॉ. विशाल, डॉ. नितिन, शीलनिधि सिंह और सूर्य प्रकाश पाल मौजूद रहे।
