कलीनगर। बाल दिवस के अवसर पर पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की ओर से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए निशुल्क जंगल सफारी का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 190 विद्यार्थियों ने जंगल की सैर कर वन्यजीवों और प्राकृतिक वातावरण को करीब से जाना।डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि महोफ गेट से 30 विद्यार्थियों ने निशुल्क सफारी का आनंद लिया, जबकि मुस्तफाबाद गेट से 160 बच्चे जंगल सफारी पर निकले। बच्चों में सफारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। जंगल के प्राकृतिक नजारे, पेड़-पौधों और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को देखकर बच्चे रोमांचित नजर आए। बाल दिवस पर आयोजित इस पहल का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति जागरूक करना तथा वन संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा। पीटीआर की इस पहल से बच्चों को किताबों से बाहर निकलकर जंगल और वन्यजीवों की दुनिया को करीब से समझने का अवसर मिला। बच्चों ने चूका बीच की खूबसूरती को निहारा, वन्यजीवों के दीदार भी किए। रेंजर सहेंद्र यादव ने बच्चों को जरूरी जानकारियां दीं।