Bulandshahar News:घायल सचिन की उपचार के दौरान अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में मौत – Injured Sachin Dies At Aligarh Medical College During Treatment
नरौरा। डिबाई कस्बा क्षेत्र में कसेर कलां फ्लाईओवर पर शुक्रवार की देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़त में घायल हुए रामघाट थाना क्षेत्र के गांव जरगवां के मजरा नगला कोठी निवासी सचिन (19) की उपचार के दौरान अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।
हादसे में एक बाइक पर सवार शाहनवाज (24) निवासी मिर्जापुर सोहरा थाना बिलसी जनपद बदायूं हाल निवासी तुर्कमान गेट दिल्ली व उनके साथी आमिर (25), समीर (22) व दूसरी बाइक पर सवार बॉबी (30), सचिन (19), सोनू (20) निवासी गांव जरगवां के मजरा नगला कोठी थाना रामघाट निवासी घायल हो गए थे। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने शाहनवाज को मृत घोषित कर दिया था। वहीं, पांचों घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। रमेश लोधी ने बताया कि शनिवार को उपचार के दौरान उनके पुत्र सचिन की उपचार के दौरान अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सोनू और बॉबी का उपचार चल रहा है।
बताया गया कि सचिन चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे। दिवाली मनाने के लिए वह घर आए हुए थे। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे सचिन का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। डिबाई कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। संवाद
