रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Kaithal News:सरकारी अस्पतालों में 30 हजार से अधिक मरीज ले रहे मधुमेह का उपचार – More Than 30,000 Patients Are Receiving Treatment For Diabetes In Government Hospitals
कैथल

Kaithal News:सरकारी अस्पतालों में 30 हजार से अधिक मरीज ले रहे मधुमेह का उपचार – More Than 30,000 Patients Are Receiving Treatment For Diabetes In Government Hospitals

November 15, 2026


कैथल। बदलती जीवनशैली, खानपान की गलत आदतों, मोटापे और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण मधुमेह यानी डायबिटीज का खतरा लगातार बढ़ रहा है। जिले में सिर्फ सरकारी अस्पतालों में ही 30 हजार से अधिक मरीज नियमित उपचार ले रहे हैं। इसके अलावा निजी अस्पतालों और मेडिकल स्टोरों से दवाइयां लेने वाले मरीजों की संख्या भी काफी अधिक है।

चिंता की बात यह है कि अब भी बड़ी संख्या में लोगों को अपने शरीर में बढ़ते शुगर के स्तर और मधुमेह होने की जानकारी तक नहीं होती। विश्व मधुमेह दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को जागरूक किया और नियमित जांच करवाने और जीवनशैली में सुधार करने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ो के अनुसार हरियाणा की वयस्क आबादी का करीब 17 प्रतिशत हिस्सा मधुमेह से प्रभावित हो सकता है।

हालांकि पिछले कुछ सालों में केस तेजी से बढ़े हैं। इसका बड़ा कारण लोगों की जीवनशैली के साथ ही जांच में आई तेजी भी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले में पिछले सात-आठ वर्षों से राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आबादी आधारित स्क्रीनिंग की जा रही है। इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की जांच संभव हो पा रही है। इससे ऐसे मरीजों की भी पहचान हो रही है, जिन्हें पहले अपनी बीमारी के बारे में पता नहीं था। गांवों में प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच की सुविधा उपलब्ध होने से बीमारी की पहचान पहले की अपेक्षा आसान हुई है।

आनुवंशिकता के साथ बिगड़ी जीवनशैली भी जिम्मेदार…

विशेषज्ञों का कहना है कि मधुमेह होने के पीछे आनुवंशिकता और जीवनशैली दोनों की अहम भूमिका है। जिन परिवारों में माता-पिता या करीबी रिश्तेदारों को मधुमेह है, उनमें अगली पीढ़ी को इसका खतरा अधिक रहता है। इसके अलावा रिफाइंड चीनी, मैदा, जंक फूड और अधिक कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों का सेवन तथा हरी सब्जियों और फाइबर की कमी भी जोखिम बढ़ाती है। शारीरिक श्रम में कमी, घंटों बैठकर काम करना, नियमित व्यायाम नहीं करना और बढ़ता मोटापा शरीर में इंसुलिन प्रतिरोध पैदा कर सकता है। इसके साथ ही मानसिक तनाव और अनियमित दिनचर्या भी रक्त में शुगर के स्तर को प्रभावित करती है।

35 वर्ष की उम्र के बाद नियमित जांच जरूरी

विश्व मधुमेह दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता गतिविधियां और विशेष जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। विभाग ने 35 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और परिवार में मधुमेह का इतिहास रखने वालों को नियमित शुगर जांच करवाने की सलाह दी है। प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट तेज चलना या व्यायाम करना, संतुलित भोजन लेना, वजन नियंत्रित रखना और तनाव से दूर रहना जरूरी है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला नागरिक अस्पताल में शुगर की निशुल्क जांच, परामर्श और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध है। समय पर बीमारी की पहचान और नियमित उपचार से मधुमेह के कारण होने वाली गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है। लोगों को लक्षणों का इंतजार किए बिना नियमित जांच जरूरी है। – डॉ. बलविंद्र गर्ग, सिविल सर्जन, कैथल

अस्पताल में मरीजों को मधुमेह को लेकर जानकारी देती हुए महिला स्वास्थ्य कर्मी। विभाग

अस्पताल में मरीजों को मधुमेह को लेकर जानकारी देती हुए महिला स्वास्थ्य कर्मी। विभाग

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X