बिहार:एएसआई चंद्रमोहन सिंह की हत्या का भाई ने जताया शक, बोला- 12 इंच की खिड़की से भागना संभव नहीं – Asi Chandramohan Singh’s Brother Said, “my Brother Murdered Not Possible Man Escape 12-inch Window.”
मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ से बरामद बिहार पुलिस के एएसआई चंद्रमोहन सिंह के शव को लेकर उनके परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। डीएमसीएच में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उनके बड़े भाइयों पप्पू राय और बलबीर राय ने हाथ पर बने टैटू और ‘क्रांति’ शब्द लिखे होने के आधार पर शव की पहचान की। शव लेने पहुंचे भाइयों ने आरोप लगाया कि चंद्रमोहन सिंह की साजिश के तहत हत्या की गई है। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने और संबंधित थानाध्यक्ष व एसएसपी की भूमिका की भी जांच करने की मांग मुख्यमंत्री से की है।
12 इंच की खिड़की से भागने की पुलिस की थ्योरी पर उठाए सवाल
मृतक एएसआई के बड़े भाई ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके भाई की हत्या की गई है। पुलिस की ओर से बताया गया है कि घटना के बाद चंद्रमोहन सिंह 12 इंच की खिड़की तोड़कर वहां से भाग गए थे। हालांकि, परिजनों का कहना है कि इतनी छोटी खिड़की से किसी व्यक्ति का बाहर निकलना संभव नहीं लगता। भाई ने इसे साजिश बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में थानाध्यक्ष और एसएसपी की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
टैटू और ‘क्रांति’ शब्द से हुई शव की पहचान
मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ किले के पास झाड़ियों में 12 नवंबर की रात एएसआई चंद्रमोहन सिंह का शव सड़ी-गली अवस्था में मिला था। शव की हालत खराब होने के कारण शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। शव के पास से पुलिस की सरकारी पिस्टल, लैपटॉप, पैन कार्ड और आधार कार्ड भी बरामद हुए थे। बाद में परिजनों के पहुंचने पर हाथ पर बने टैटू और ‘क्रांति’ शब्द लिखे होने के आधार पर उनके भाइयों ने शव की पहचान की।
इसके बाद उनके बड़े भाई और बरही थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने मधुबनी के मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में डीएमसीएच में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पोस्टमार्टम में सिर चपटा और शरीर पर मिले चोट के निशान
पोस्टमार्टम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मृतक एएसआई का सिर चपटा पाया गया है। आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वस्तु से सिर को कुचला गया था। शरीर के अन्य कई हिस्सों पर भी चोट के निशान मिले हैं। वहीं, उनकी आंख और कान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट करीब पांच से छह दिनों में पुलिस को सौंप दी जाएगी। इसके बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
चार भाइयों में सबसे छोटे थे चंद्रमोहन सिंह
एएसआई चंद्रमोहन सिंह मूल रूप से बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र के चिलहरी गांव के रहने वाले थे। वह चार भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिता सेना में नौकरी करते थे, जिनका करीब दो साल पहले निधन हो गया था। उनकी मां भी बीमार रहती हैं। चंद्रमोहन सिंह की पत्नी नीलू सिंह और तीन बच्चे हैं। इनमें 13 साल की एक बेटी और 11 व आठ साल के दो बेटे हैं। परिवार पटना में किराये के मकान में रहता है, जहां बच्चे पढ़ाई करते हैं।
