Mohali News:बरसाती नाले का दूषित पानी पीने से भैंस की मौत – Buffalo Dies After Drinking Contaminated Water From A Storm Drain
डेराबस्सी। डेराबस्सी क्षेत्र में फैक्ट्रियों की ओर से बरसाती नालों में दूषित पानी छोड़े जाने की समस्या गंभीर होती जा रही है। कई वर्षों से जारी इस समस्या के कारण बरसाती नाले काले पानी के नालों में तब्दील हो चुके हैं। पानी से उठने वाली तेज दुर्गंध के कारण आसपास से गुजरने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। ताजा मामला गांव कुड़ावाला के पास सामने आया है, जहां दूषित पानी पीने से एक भैंस की मौत हो गई।
पशुपालक पंगा राम ने बताया कि वह अपनी कई भैंसों को लेकर खेतों की तरफ गया था। इसी दौरान एक भैंस ने गलती से पास से गुजर रहे बरसाती नाले का पानी पी लिया। कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह मौके पर गिर पड़ी। देखते ही देखते भैंस की मौत हो गई। इससे पशुपालक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
शिकायतों के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि दूषित पानी पीने से पशुओं की मौत का यह पहला मामला नहीं है। इसके बावजूद प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे। लोगों का आरोप है कि शिकायत करने पर विभागीय अधिकारी केवल पानी के सैंपल लेकर रह जाते हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि नालों में लगातार काला और बदबूदार पानी बह रहा है तो जिम्मेदार फैक्ट्रियों की पहचान कर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।
बॉक्स | फैक्ट्रियों की पहचान कर हो कार्रवाई
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से डेराबस्सी के सभी बरसाती नालों की जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नालों में केमिकलयुक्त और दूषित पानी छोड़ने वाली औद्योगिक इकाइयों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो इसका असर पशुओं के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर भी पड़ सकता है।
