रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बलिया

Ballia News:कनेला हादसे के बाद जागा बिजली निगम, मांगी स्कूलों की सूची – Electricity Corporation Stirs Into Action Following Kanela Accident; Seeks List Of Schools

November 15, 2026


इंदरपुर। गड़वार विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय कनेला में दो नवंबर को हाईटेंशन लाइन से हुई विद्युत दुर्घटना के बाद बिजली निगम की नींद खुली है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बिजली निगम ने जिले के सभी परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों का ब्योरा मांगा है, जिनके भवनों या परिसर के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। खास बात यह है कि हादसे का शिकार हुआ कनेला विद्यालय विभाग की पहले से तैयार तीनों सूचियों में शामिल नहीं था।

अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल बलिया, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड प्रदीप वर्मा ने तीन नवंबर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को पत्र भेजकर ऐसे सभी विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराने को कहा है। पत्र में बताया गया है कि पहले विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को हटाने के लिए 125 कार्य स्वीकृत किए गए थे। इनमें एक अल्पसंख्यक विद्यालय भी शामिल था। हालांकि, अब तक इनमें से केवल चार कार्य ही पूरे हो सके हैं, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं।

88 विद्यालयों की दूसरी सूची का भी हो रहा सर्वे

इसके बाद विभाग को 88 विद्यालयों की एक और सूची उपलब्ध कराई गई थी। इसमें 44 पूर्व में स्वीकृत और 44 नए विद्यालय शामिल हैं। इन सभी का सर्वे कराया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि दो नवंबर को विद्युत दुर्घटना का शिकार हुआ प्राथमिक विद्यालय कनेला इन तीनों सूचियों में शामिल नहीं था। इसी वजह से विद्यालय के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।

वर्जन

बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई जोखिम न रहे, इसके लिए जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराई जाए। इसके आधार पर हाईटेंशन लाइन से प्रभावित विद्यालयों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी। इस पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को भी भेजी गई है।-प्रदीप वर्मा, अधीक्षण अभियंता

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X