एनवीडिया:जेनसन ने एलिस से रिश्तों को लेकर शीर्ष अधिकारियों को किया था गुमराह? रिपोर्ट्स में कई खुलासे – Former Nvidia Ceo Jensen Huang Misled Top Executives Over Affair
चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग अपने निजी रिश्तों को लेकर लगातार चर्चा में हैं। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उन्होंने चीनी कारोबारी एलिस हुआंग के साथ अपने कथित अफेयर को लेकर कंपनी के शीर्ष अधिकारियों को गुमराह किया। इनमें कंपनी के जनरल काउंसिल टिम टीटर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर एलिसन वैगनफेल्ड भी शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग ने ऐलिस के साथ अपनी बातचीत को सामान्य कारोबारी गतिविधियों का हिस्सा बताया था। इसी बीच 2024 को ताइवान के ताइपे में आयोजित कंप्यूटेक्स इवेंट की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें एलिस और जेनसन बेहद करीब नजर आ रहे हैं।
अधिकारियों को भेजे थे अलग-अलग संदेश
रॉयटर्स ने मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से बताया कि 2025 की सर्दियों और अक्तूबर 2026 में मीडिया की ओर से सवाल पूछे जाने के बाद एनवीडिया के कई वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान इस मामले पर गया था। इसके बाद जेनसन हुआंग को एलिस के साथ अपने रिश्तों को लेकर सवालों का जवाब देना पड़ा।
रिपोर्ट के अनुसार, अक्तूबर में भेजे गए दो अलग-अलग संदेशों में हुआंग ने टिम टीटर और एलिसन वैगनफेल्ड समेत कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को बताया कि एलिस के साथ उनकी बातचीत ग्राहकों के साथ होने वाले सामान्य कारोबारी लेन-देन जैसी ही थी। अन्य संदेशों में उन्होंने मेगास्पीड के साथ अपने लेन-देन को भी पूरी तरह व्यावसायिक बताया। इस तरह उन्होंने कंपनी के अधिकारियों के सामने अपने संपर्कों को कारोबारी गतिविधियों से जुड़ा बताया था।
न्यूयॉर्क टाइम्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर भी चर्चा
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि जेनसन हुआंग ने न्यूयॉर्क टाइम्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने पर चर्चा की थी। दरअसल, पिछले साल अक्तूबर में अखबार ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी, जिसमें सार्वजनिक स्थानों पर एलिस हुआंग के साथ उनकी मुलाकातों का जिक्र किया गया था।
2024 की तस्वीरें हुई वायरल
इसी बीच एलिस और जेनसन की 2024 की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। इसमें 2 जून 2024 को ताइवान के ताइपे में आयोजित कंप्यूटेक्स में मुख्य भाषण देने के बाद जेनसन हुआंग ने चीनी कारोबारी एलिस हुआंग को गले लगाया था। इस मुलाकात की तस्वीर भी सामने आई थीं।
जेनसन के बिना एनवीडिया को बड़े सौदों का नुकसान होगा: एलन मस्क
इस बीच, एलन मस्क ने एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग की कारोबारी भूमिका की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि हुआंग के बिना कंपनी को कई महत्वपूर्ण सौदों का नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मस्क ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में एनवीडिया की सप्लाई चेन को संभालने के लिए हुआंग की सराहना की। उन्होंने कहा कि कंपनी के कई बड़े सौदे लिखित अनुबंध के बजाय जेनसन हुआंग के साथ हुई मौखिक सहमति पर आधारित थे। मस्क ने कहा, जेनसन ने एनवीडिया में सप्लाई चेन को बहुत शानदार तरीके से संभाला, लेकिन उनमें से कई सौदे केवल जेन्सेन के साथ हुए एक ‘हैंडशेक’ पर आधारित थे, न कि किसी लिखित अनुबंध पर। जेन्सेन के बिना, इनमें से कुछ महत्वपूर्ण सौदे हाथ से निकल जाएंगे।”
