Sonipat News:वायु प्रदूषण पर होगी पानी की बौछार, नगर परिषद 45 लाख में खरीदेगा एंटी-स्मॉग गन – Water To Be Sprayed To Combat Air Pollution; Municipal Council To Purchase Anti-smog Gun For 45 Lakh
– 5,000 लीटर पानी की क्षमता वाले टैंक से लैस होगी मशीन, नप ने जारी किया टेंडर
– धूल और हवा में प्रदूषण के कणों को नियंत्रित करने में मिलेगी मदद
फोटो 8
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। वायु प्रदूषण और हवा में घुलते धूल के कणों से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर परिषद 45 लाख रुपये खर्च करके एंटी-स्मॉग गन की खरीद करेगा। एंटी-स्मॉग गन में पानी के टैंक की क्षमता 5,000 हजार लीटर होगी। इसके आने के बाद पानी का छिड़काव करना और आसान होगा। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।
रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 297 दर्ज किया गया। दिवाली पर आतिशबाजी और खेतों में फसलों के अवशेष जलाने की घटनाओं से वायु प्रदूषण बढ़ गया। वायु प्रदूषण से लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने लगी है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए सरकार की ओर से ग्रैप-3 की पाबंदियां भी लागू हैं। इसके तहत निर्माण और विकास कार्यों पर रोक लगाई गई है।
चार ट्रैक्टरों से किया जा रहा पानी का छिड़काव
वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए नगर परिषद चार ट्रैक्टर से पानी के छिड़ाव की व्यवस्था शुरू कराई है। बढ़ते वायु प्रदूषण और धूल की समस्या खत्म नहीं हो रही। सीमित संसाधनों में नप दिन रात शहर की प्रमुख सड़कों पर लगातार पानी का छिड़काव करा रहा है।
– रजनी विरमानी, चेयरपर्सन नगर परिषद गोहाना।
